आम महोत्सव में आम की 725 खास किस्में एक साथ

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
आम महोत्सव में आम की 725 खास किस्में एक साथgaonconnection

लखनऊ। प्रदेश में उत्पादित आम की विभिन्न प्रजातियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए, उद्यान विभाग, खाद्य प्रसंस्करण विभाग और पर्यटन विभाग ने संयुक्त रूप से दो दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन किया है।

लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित आम महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया। इस समारोह में पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश और उद्यान और प्रसंस्करण मंत्री मूलचंद्र चौहान भी मौजूद रहे। साथ ही मुख्य सचिव आलोक रंजन, कृषि उत्पादन आयुक्त प्रवीर कुमार, प्रमुख सचिव पर्यटन नवनीत सहगल भी मौजूद रहे। आम महोत्सव में कई तरह के आमों की प्रदर्शनी लगायी गयी है। आम लोग इन आमों को खरीद भी सकते हैं। जिनमें दशहरी, गुलाब जामुन, आप गोला, खुशबू गोला, सुरखा, अली गौहर और ललबेबहा जैसे कई लाजवाब आमों का लुत्फ़ उठा सकते हैं।

महोत्सव में लखनऊ के कोने-कोने से आए दर्शकों ने आमों को खरीदा। गोमती नगर के रमेश गुप्ता भी अपने परिवार के साथ आम महोत्सव में आए थे। रमेश गुप्ता ने बताया, “ऐसा पहला मौका है, जब आम की इतनी सारी किस्में एक साथ देखने को मिल रही हैं।” दो दिन चलने वाले इस आम महोत्सव में 42 श्रेणियों में आम की विभिन्न प्रजातियों की विभिन्न प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी है। इसमें आम की 725 प्रजातियों के अलग-अलग संस्थाओं, विभागों और निजी उत्पादकों के लगभग 3,000 से अधिक आमों को प्रदर्शन के लिए रखा गया है।

केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, उद्यान विभाग के सहारनपुर, बस्ती और लखनऊ, इलाहाबाद, आजमगढ़, फैजाबाद के औद्यानिक प्रयोग और प्रशिक्षण संस्थान ने भी अपने आमों का प्रदर्शन किया। प्रगतिशील किसानों ने भी अपनी बाग में उगायी प्रजातियों का प्रदर्शन किया।

माल ब्लॉक के नबीपनाह गाँव के किसान उपेन्द्र कुमार सिंह ने भी अपनी चालीस किस्मों का प्रदर्शन किया था। उपेन्द्र सिंह ने कहा, “हमारे यहां पचास किस्मों के 22 बीघे आम लगे हैं, हमने पौधों की नर्सरी भी लगायी है।” महोत्सव में उत्तराखंड और तेलंगाना के किसानों ने भी अपने आम की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन किया।

मैंगो फेस्टिवल के लिए चलाई गईं 19 बसें

लखनऊ। गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में मैंगो फेस्टिवल को देखने के लिए शहर उमड़ पड़ा। ऐसे में लोगों को पार्क तक पहुंचाने के लिए सिटी बस प्रबंधन ने 19 विशेष बसें चलाईं। यह बसें शहर के विभिन्न इलाकों से जनेश्वर मिश्र पार्क तक के लिए चल रही हैं। 

लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ए. रहमान ने बताया, “शनिवार सुबह दस बजे से बसों का संचालन शुरू हो गया था, लेकिन उतनी भीड़ नहीं रही। लेकिन रविवार को भीड़ ज्यादा होगी, इसलिए इन बसों को विभिन्न रूटों पर चलाया है। सिटी ट्रांसपोर्ट ने पूरे शहर को जनेश्वर मिश्र पार्क से जोड़ा है। जितना किराया है, उतना ही यात्रियों को देना पडे़गा, इसको बढ़ाया नहीं गया है और हर 45 मिनट पर हर रूट पर यात्रियों को बस उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी।” 

इन रूटों पर चलीं बसें

आम महोत्सव के लिए चलने वाली यह बसें सुबह 10 बजे से आठ बजे तक चारबाग से जनेश्वर मिश्र पार्क, जानकीपुरम् से इंजीनियरिंग कॉलेज से मुंशी पुलिया होते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क, इमामबाड़ा से जनेश्वर मिश्र पार्क, इंट्रीगल यूनिवर्सिटी से जनेश्वर मिश्र पार्क, कैसरबाग से जनेश्वर मिश्र पार्क, पीजीआई से जनेश्वर मिश्र पार्क, राजाजीपुरम से जनेश्वर मिश्र पार्क, बीबीडी से जनेश्वर मिश्र पार्क, पासी किला से जनेश्वर मिश्र पार्क तक बसों का संचालन किया जा रहा है।

 

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.