अब नहीं होगी देरी, 25 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का पैसा सीधे अकाउंट में जाएगा
गाँव कनेक्शन 4 April 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली। देर से पैसा मिलने की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तकलीफ़ अब जल्द खत्म हो जाएगी। महिला और बाल विकास मंत्रालय ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मेहनताना अब सीधे उनके अकाउंट में डालने की शुरुआत कर दी है।
इसी महीने से देश के उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों से इसकी शुरुआत की जाएगी। बाक़ी के राज्यों में इसे जून तक लागू करने की योजना है। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 8,000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। सूत्रों के मुताबिक़ 22 अप्रैल को सभी राज्यों के सचीवों से इस बारे में बातचीत की जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की शिकायत है कि कई बार पैसा मिलने में 5-6 महीने तक की देरी हो जाती है। राज्यों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलने वाले पैसे में केंद्र सरकार का भी योगदान होता है।
मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक़ नॉर्थ ईस्ट और हिमालयी राज्यों में केंद्र सरकार और राज्य सरकार 90:10 के अनुपात में, बाक़ी राज्यों में 60:40 के अनुपात में पैसा देती है। महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि पैसा सीधा अकाउंट में जाने से 25 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इसका फायदा मिलेगा।
More Stories