अब वर्ष में चार बार चलेगा सर्व शिक्षा अभियान
गाँव कनेक्शन 29 March 2016 5:30 AM GMT

सिद्धार्थनगर। सर्व शिक्षा अभियान के तहत बच्चों की संख्या को बढ़ाने के लिए नया तरीका निकाला गया है। इस वर्ष से पूरे प्रदेश में चार बार अभियान चलाया जाएगा। जिसकी शुरुआत 30 मार्च से शुरू हो रही है।
बच्चों के इनरोलमेंट के लिए सभी तरह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अधिकारियों की मानें तो इस बार सभी जगहों पर डोर टू डोर कैंपेन चलाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस बार किसी भी बच्चे को छोड़ा नहीं जाएगा। वहीं उन बच्चों को भी शामिल किया जाएगा, जिन्होंने बीच में ही स्कूल छोड़ दिया था। पहले चरण का अभियान 30 अप्रैल तक ही चलाया जाएगा।
चार चरणों में अभियान
अधिकारियों के अनुसार इस बार से सर्व शिक्षा अभियान चार चरणों में चलाया जाएगा। हर तीन महीने के बाद एक महीने के लिए प्रक्रिया चलाई जाएगी। इसके लिए 30 मार्च से शुरुआत हो रही है, जो कि 30 अप्रैल तक चलेगी। उसके बाद दूसरे चरण का अभियान जुलाई में होगा। उसके बाद अक्टूबर में और जनवरी में आखिरी चरण की शुरुआत की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार इससे अधिक से अधिक बच्चों को सर्व शिक्षा के तहत जोड़ा जा सकेगा।
डोर-टू-डोर होगा सर्वे
सिद्धार्थनगर नगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया, “इसके लिए बेसिक स्कूलों और अपर प्राइमरी स्कूलों के टीचर्स को डोर-टू-डोर सर्वे के लिए लगाया जाएगा। जो बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ मीटिंग करेंगे।”
उन्होंने आगे बताया, “ये कैंपेन स्लम और उन इलाकों में ज्यादा किया जाएगा जिन इलाकों के बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं। वहीं उनके वार्ड और इलाकों के स्कूलों का दौरा भी करेंगे। साथ ही उन बच्चों को भी जोड़ा जाएगा, जिन्होंने बीच में ही स्कूल छोड़ दिया था।”
इनाम और सम्मान मिलेगा
इस अभियान के तहत जन प्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाएगा। वे बच्चों के पेरेंट्स से मिलेंगे और बच्चों को दोबारा स्कूल भेजने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। वहीं जिन बच्चों का अटेंडेंस अच्छा होगा उन्हें इनाम भी दिया जाएगा। साथ ही अच्छा काम करने वाले स्कूल टीचर्स, स्कूल मैनेजमेंट के मेंबर्स और बाकी लोगों को सम्मानित किया जाएगा। सिद्धार्थनगर नगर में प्राइमरी स्कूलों की संख्या 1924 और जूनियर हाई स्कूलों की संख्या 740 है।
रिपोर्टर - दीनानाथ
More Stories