अपने सबसे अच्छे दौर में भारतीय जनता पार्टी: अरुण जेटली
गाँव कनेक्शन 22 May 2016 5:30 AM GMT

कानपुर (भाषा)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस समय अपने सबसे अच्छे दौर से गुजर रही है। आज पार्टी की अपने और अपने सहयोगियों के बल पर देश के 15 राज्यों में सरकार में है। असम में हम सरकार बनाने जा रहे है। केरल में दो मुख्य गठबंधनों के बीच पार्टी को 15 प्रतिशत वोट मिले जो एक बड़ी बात है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार में हर व्यक्ति की जुबान पर भ्रष्टाचार की बात होती थी लेकिन पिछले दो सालों में मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार का शब्द भारतीय शब्दकोष से हटा दिया और अब जनता केवल विकास की बात करती है। उन्होंने कांग्रेस का बिना नाम लिये कहा कि जब परिवार का आकर्षण ख़त्म हो जाता है तो पार्टी को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है।
अरुण जेटली ने रविवार सुबह एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वित्त मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय किसी चुनावी विश्लेषक ने ये आंकलन नहीं किया था कि भाजपा इतनी अधिक सीटे पायेंगी। लेकिन भाजपा ने कर दिखाया और इसी कारण आज हम और हमारे सहयोगी देश के पंद्रह राज्यों की सरकार में हैं। जहां तक बिहार की बात है वहां तीन राजनीतिक दलों ने एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ़ चुनाव लड़ा था।
जेटली ने कहा कि केरल में दो बड़े मोर्चों ने चुनाव लड़ा था और उन दोनों मोर्चों के खिलाफ भाजपा अकेले लड़ी और करीब 15 प्रतिशत वोट उसके हिस्से में आये। ये बड़ी बात है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कर्नाटक में सरकार बनाकर दक्षिण में अपनी शुरुआत की थी और अब पार्टी कर्नाटक में फिर सत्ता में आएगी। अभी वहां कांग्रेस की सरकार है।
More Stories