अगर आप भी भविष्य में करोड़पति बनने का सपना देखते हैं और सोचते हैं कि इतनी बड़ी रकम जुटाना सिर्फ अमीर लोगों के बस की बात है, तो म्यूचुअल फंड का 15-15-15 नियम आपकी सोच बदल सकता है। यह एक ऐसा फॉर्मूला है जिसे सही तरीके से और लगातार फॉलो किया जाए तो लंबे समय में करोड़ों रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत बड़ी रकम से शुरुआत करने की जरूरत भी नहीं होती।
क्या है 15-15-15 का नियम?
म्यूचुअल फंड का 15-15-15 नियम बेहद आसान है।
इस नियम के मुताबिक:
- हर महीने 15 हजार रुपये निवेश करें
- लगातार 15 साल तक निवेश जारी रखें
- और औसतन 15 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिले
तो 15 साल बाद आपका फंड करीब 1 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। यानी कुल निवेश लगभग 27 लाख रुपये होगा, लेकिन कंपाउंडिंग यानी चक्रवृद्धि ब्याज की ताकत आपके पैसे को बढ़ाकर 1 करोड़ रूपये के आंकड़े तक पहुंचा सकती है।
15 साल बाद क्या होगा?
Angle one के SIP कैलकुलेटर के मुताबिक, 15 हजार रुपए का मासिक निवेश कर 15 साल में आप 27,00,000 रुपए जमा करेंगे. 15 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलने पर 74,52,946 रुपए का अनुमानित रिटर्न मिलेगा. इस तरह 15 साल बाद आपके पास कुल मिलाकर 1 करोड़ रुपए से ज्यादा (1,01,52,946) की रकम होगी.
![सोर्स: Angle one]()
सोर्स: Angle one
सोर्स: Angle one
करोड़पति बनाने की असली ताकत है कंपाउंडिंग
म्यूचुअल फंड निवेश में सबसे ज्यादा चर्चा “कंपाउंडिंग” यानी चक्रवृद्धि की होती है। कंपाउंडिंग का मतलब है कि आपका पैसा सिर्फ बढ़ता नहीं, बल्कि उस पर मिलने वाला रिटर्न भी आगे पैसा कमाने लगता है। लंबे समय में यही प्रक्रिया छोटी रकम को बड़ी संपत्ति में बदल देती है।
यानी:
- पहले निवेश पर रिटर्न मिलता है
- फिर उसी रिटर्न पर भी अगला रिटर्न मिलने लगता है
जल्दी शुरुआत करेंगे तो मिलेगा बड़ा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि निवेश की शुरुआत जितनी कम उम्र में की जाए, उतना ज्यादा फायदा मिलता है।
उदाहरण के तौर पर:
- अगर कोई व्यक्ति 25 साल की उम्र में SIP शुरू करता है, तो 40 की उम्र तक बड़ा फंड बना सकता है
- 30 साल की उम्र में शुरुआत करने वाला व्यक्ति 45 साल तक करोड़पति बन सकता है
- वहीं 40 साल की उम्र में शुरुआत करने वाला व्यक्ति 55 साल तक इस लक्ष्य को हासिल कर सकता है
क्यों लोकप्रिय है 15-15-15 फॉर्मूला?
आज के समय में SIP और म्यूचुअल फंड निवेश तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, क्योंकि:
- छोटी रकम से शुरुआत हो सकती है
- लंबे समय में बड़ा फंड बन सकता है
- बैंक FD से ज्यादा रिटर्न की संभावना रहती है
- निवेश में अनुशासन बना रहता है
हालांकि विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि शेयर बाजार जोखिम से जुड़ा होता है और 15 प्रतिशत रिटर्न की गारंटी नहीं होती। लेकिन लंबी अवधि में इक्विटी आधारित निवेश बेहतर रिटर्न दे सकते हैं।
डिस्क्लेमर: 'गाँव कनेक्शन' किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।