पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष अलग-अलग राज्यों में पशु मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें कई तरह के प्रशिक्षण व जागरुकता कार्यक्रम भी होते हैं।
हरियाणा के भिवानी में 25 से 27 फरवरी तक 38वीं राज्य पशुधन प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। गाय-भैंस, भेड़-बकरी जैसे पशुओं की बढ़िया नस्ल को बढ़ावा देने के लिए ऐसे मेलों का आयोजन किया जाता है।
हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने पशुपालन और अन्य संबंधित अधिकारियों को पशु प्रदर्शनी को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय पशु-प्रदर्शनी पशुपालकों व किसानों की आय बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी। प्रदर्शनी के दौरान युवा पशुपालन, मछली पालन व खेती से संबंधित नई-नई जानकारी हासिल करेंगे, जिससे उनके लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मेले में क्या रहेगा खास
पशुपालकों को अपने उत्तम नस्ल के पशुओं के लाने और ले जाने के लिए किराया दिया जाएगा।
साथ ही अगर जो पशुपालक अपने पशु नहीं ला रहे हैं, उनके भी आने-जाने के लिए नि:शुल्क बस की सुविधा रहेगी।
प्रदर्शनी में प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाली मुर्रा भैंस, गाय, भेड़, बकरी, घोड़ा जैसे पशुओं को उचित इनाम भी दिया जाएगा।
मेले में आने वाले पशुपालकों को लकी ड्रॉ द्वारा भी इनाम दिया जाएगा।
पशुधन रैंप वॉक और पहली बार हॉर्स जंपिंग शो का भी आयोजन किया जा रहा है।
पशुपालकों को डेयरी व पशुपालन के क्षेत्र में नई जानकारी देने के सेमीनार का आयोजन किया जाएगा।
पशुपालन, कृषि और मत्स्य पालन के क्षेत्र में आधुनिक व नए उपकरणों की भी प्रदर्शनी लगायी जाएगी।