बर्फ़ में 12 फीट नीचे मिला शहीद जवान विजय का शव
गाँव कनेक्शन 20 March 2016 5:30 AM GMT

श्रीनगर (भाषा)। जम्मू कश्मीर के कारगिल इलाके में हिमस्खलन के बाद लापता जवान का शव सेना के बचाव दल ने रविवार को बरामद कर लिया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, ‘'सेना के बचाव दल ने अपने व्यापक तलाशी अभियान के तीसरे दिन जवान विजय कुमार का शव बर्फ में 12 फुट नीचे से बरामद किया।''
उन्होंने बताया कि खराब मौसम के बावजूद तलाशी अभियान पिछले तीन दिन से जारी रहा। हिमस्खलन वाले इलाके में 15 फुट तक बर्फ जम गयी है। प्रवक्ता ने बताया कि बचाव दल ने गहराई तक की चीजों की जांच करने वाली रडार, धातु डिटेक्टर समेत खोजी कुत्तों की भी मदद ली। विजय तमिलनाडु के तिरनेलवेल्ली जिले के वल्लारामापुरम गांव के निवासी थे। उनके परिवार में उनके माता पिता और दो छोटी बहने हैं। प्रवक्ता ने कहा, ''सेना उनके पार्थिव शरीर को हिमस्खलन वाले इलाके से बाहर निकालने में लगी है। इसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए उनके जन्मस्थान ले जाया जाएगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।’'
उन्होंने बताया कि हिमस्खलन में फंसे सिपाही सुजित को उसी दिन बचा लिया गया था और उसकी हालत स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा है। उत्तरी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डी एस हुड्डा ने विजय कुमार की मृत्यु पर गहरा दुख जताया है।
More Stories