ब्रसेल्स से 242 यात्रियों को लेकर दिल्ली पहुंचा जेट एयरवेज़ का विमान
गाँव कनेक्शन 25 March 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली (भाषा)। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में हवाई अड्डे और मेट्रो स्टेशन पर हुए आतंकी हमलों के बाद वहां फंसे चालक दल के सदस्य और यात्रियों को लेकर जेट एयरवेज का विमान शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचा।
जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे विमान इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर पहुंचा। प्रवक्ता के मुताबिक़ विमान में 214 यात्री और चालक दल के 28 सदस्य सवार थे। एम्स्टर्डम से रवाना हुए जेट एयरवेज की उड़ान संख्या 9W1229 को दिल्ली होते हुए मुंबई जाना था। विमान गुरुवार एम्स्टर्डम से स्थानीय समय के अनुसार चार बजकर 54 मिनट पर रवाना हुआ था। एयरलाइन ने मंगलवार को ब्रसेल्स में हवाई अड्डे और मेट्रो स्टेशन पर हुए आतंकी हमले के बाद वहां फंसे यात्रियों के लिए गुरुवार को एम्स्टर्डम से मुंबई, दिल्ली और टोरंटो के लिए उड़ानों का ऐलान किया था। हालांकि विमान में तकनीकी समस्या के चलते मुंबई की उड़ान को रद्द कर उसे दिल्ली के साथ जोड़ दिया गया था।
More Stories