हिलेरी ने जीती दूसरी राष्ट्रपति पद की बहस: सीएनएन
गाँव कनेक्शन 10 Oct 2016 11:51 AM GMT

सेंट लुइस, अमेरिका (भाषा)। सीएनएन के एक सर्वेक्षण में सोमवार को कहा गया है कि राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन अमेरिका के राष्ट्रपति पद की दूसरी बहस में ‘स्पष्ट विजेता' रहीं। हालांकि रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनल्ड ट्रंप का प्रदर्शन ‘‘अपेक्षा से अधिक'' रहा।
बहस देख रहे लोगों के बीच कराए गए सर्वेक्षण में कहा गया कि हिलेरी इस बहस की स्पष्ट विजेता रहीं क्योंकि सर्वेक्षण में शामिल 57 प्रतिशत लोगों ने हिलेरी के जीतने की बात कही जबकि 34 प्रतिशत ने ट्रंप का समर्थन किया।
सीएनएन ने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को इस बहस ने मजबूत स्थिति में दर्शाया है लेकिन उनका प्रदर्शन पहली बहस जितना अच्छा नहीं रहा। बहस देखने वाले 62 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वह जीती हैं।
राष्ट्रपति चुनाव की तीन में से पहली बहस होने के बाद 27 सितंबर को सीएनएन ने सर्वेक्षण कराया था। तब लगभग 62 प्रतिशत मतदाताओं ने हिलेरी को स्पष्ट विजेता बताया था। ट्रंप को महज 27 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला था।
इन नतीजों में बहस शुरु होने से पहले दर्शकों की पसंद पर भी गौर किया जाता है।
बहस देखने वाले 58 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे बहस से पहले हिलेरी का समर्थन कर रहे थे।
More Stories