यह है भारत का इकलौता सबसे साफ राज्य
Kushal Mishra 6 Oct 2016 4:00 PM GMT

लखनऊ। भारत का एक राज्य ऐसा है जो देश का सबसे साफ राज्य है। इस राज्य के 99.9 प्रतिशत हिस्से में साफ-सफाई की पहुंच है। वहीं, यहां गंदगी फैलाने पर लोगों को भारी जुर्माना देना पड़ता है। जानते हैं यह भारत का कौन सा राज्य है? यह है सिक्किम। जहां के लोग साफ-सफाई को लेकर न केवल सजग हैं, बल्कि दूसरों के साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हैं। हाल में यह रिपोर्ट नेशनल सेंपल सर्वे ऑर्गनाइजेशन (एनएसएसओ) के सर्वे में सामने आई है।
गंदगी फैलाने पर देना पड़ता है भारी जुर्माना
सिक्किम में गंदगी फैलाने पर भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि भारत का यह पहला ऐसा राज्य है, जो खुले में शौच से पूरी तरह मुक्त है। इस राज्य में सार्वजनिक स्थान पर शौच करने पर 500 रुपये का जुर्माना भुगतना पड़ता है। वहीं, राज्य में प्लास्टिक की थैली का उपयोग करने पर लोगों को 5000 रुपये का जुर्माने भुगतना पड़ता है। इतना ही नहीं, गंदगी फैलाने पर और खुलेआम सिगरेट पीने पर 500 रुपये जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
13 साल पहले हुई क्लीन सिक्किम मिशन की शुरुआत
भारत में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत 2 अक्टूबर 2014 में हुई थी। मगर सिक्किम में 11 साल पहले यानी 2003 में ही क्लीन सिक्किम मिशन की शुरुआत हो गई थी। इस मिशन की सफलता का ही बड़ा कारण है कि यह राज्य अब पूरी तरह सार्वजनिक स्थान में शौच से मुक्त है। इस राज्य में 98 प्रतिशत से अधिक घरों में शौचालय बने हुए हैं। वहीं, राज्य में प्लास्टिक पर भी पूरी तरह से पाबंदी है।
देश का पहला ऑर्गेनिक राज्य
सिक्किम को इसी साल देश का पहला ऑर्गेनिक राज्य का दर्जा दिया गया है। इस राज्य में 75000 हेक्टेयर कृषि भूमि में ऑर्गेनिक उत्पादन किया जाता है। वहीं, सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और खूबसूरत होने की वजह से यह राज्य पर्यटकों का बेहद पसंदीदा राज्य है। 7096 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले इस राज्य में 6.1 लाख की आबादी है।
sikkim clean sikkim mission clean india mission clean india campaign nsso
More Stories