राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर हुई दुर्घटना में नौ लोगों की मौत

राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर हुई दुर्घटना में नौ लोगों की मौतमृतकों में गुजरात के सूरत में रहने वाले एक ही परिवार के आठ लोग शामिल हैं।

वड़ोदरा (भाषा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर कर्जन के करीब हुई एक दुर्घटना में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। मृतकों में गुजरात के सूरत में रहने वाले एक ही परिवार के आठ लोग शामिल हैं।

कर्जन पुलिस थाने के उप निरीक्षक जे वाई चौहान ने आज बताया कि घटना रविवार रात हुयी। इस दुर्घटना में चार वाहन शामिल थे, जिसमें एक लक्जरी बस और तीन कारें थीं। दुर्घटना यहां से करीब 40 किमी दूर उस समय हुयी, जब बस के चालक ने टक्कर से बचने के लिए बस को तेजी से मोड़ा और वह पलट गयी। बस की चपेट में एक कार के आने से उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गयी। सभी आठ मृतक पावागढ मंदिर से पूजा करके वापस गुजरात के सूरत लौट रहे थे।

इस दुर्घटना के कारण बस के पीछे चलने वाली दो कारें भी अनियंत्रित होकर टकरा गयीं और उसमें सवार एक महिला की मौत हो गयी, जबकि दोनों कारों में सवार तीन व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने बताया कि घायलों को कर्जन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गये हैं।

Accident NH-8 Curzon 

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.