योग, सिनेमा, खानपान संग भारतीय संस्कृति जापान में काफी लोकप्रिय : शिंजो अबे 

Sanjay SrivastavaSanjay Srivastava   13 Sep 2017 5:52 PM GMT

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
योग, सिनेमा, खानपान संग भारतीय संस्कृति जापान में काफी लोकप्रिय  : शिंजो अबे जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे व मोदी।

नई दिल्ली (भाषा)। भारत यात्रा की शुरुआत करते हुए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने भारत के साथ अपने देश के संबंधों को बेहद महत्वपूर्ण और विशेष बताया, साथ ही कहा कि जापान, भारत के तीव्र आर्थिक विकास में सहयोग के तौर पर अपना प्रौद्योगिकी समर्थन जारी रखेगा।

जापान के प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जापान के लिए भारत बेहद महत्वपूर्ण एवं विशेष है, मैं जापान के प्रधानमंत्री के रूप में भारत की चौथी यात्रा की शुरुआत कर रहा हूं, इस दौरान मैं प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात जा रहा हूं, वहां मैं प्रधानमंत्री मोदी के साथ 12वें जापान-भारत शिखर सम्मेलन की बैठक में हिस्सा लूंगा। भारत और जापान के संबंधों के नए युग के सूत्रपात तथा इसे और गहरा बनाने को आशान्वित हूं।

शिंजो अबे ने कहा कि भारत और जापान सार्वभौम मूल्यों और सामरिक हितों को काफी महत्व देते हैं और हम इसे साझा करते हैं, दोनों देश एशिया के प्रमुख लोकतंत्र और वैश्विक शक्तियां हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रभावशाली नेता हैं जिनमें चीजों को आगे बढ़ाने की अभूतपूर्व क्षमता है, मैं मानता हूं कि भारत और जापान के संबंध दुनिया में सर्वाधिक क्षमताओं से भरे हैं। उन्होंने कहा, मैं इस बात के लिए प्रतिबद्ध हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हम हिन्द प्रशांत क्षेत्र और पूरी दुनिया में शांति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करें।

अबे ने कहा कि भारत और जापान के संबंधों में आर्थिक सहयोग महत्वपूर्ण आयाम है, पिछले वर्ष नवंबर में मैं प्रधानमंत्री मोदी के साथ जापान के शिंकान्सेन रालिंग फैक्टरी गया था और भारत के प्रधानमंत्री को जापान की स्वदेशी प्रौद्योगिकी के बारे में जानकारी दी थी, मुझे यह जानकर बेहद खुशी महसूस हुई कि शिंकान्सेन की ट्रेनें मुम्बई अहमदाबाद हाई स्पीड कारिडोर के तहत भारतीय भूमि पर दौडेंगी।

जापान के प्रधानमंत्री ने कहा, भारत की अर्थव्यवस्था इस समय तीव्र विकास दर हासिल कर रही है, जापान के पास रेलवे को सुरक्षित, समय का पाबंद और तीव्र रफ्तार बनाकर उसका परिचालन करने की अभूतपूर्व प्रौद्योगिकी है. जापान, भारत के तीव्र आर्थिक विकास में सहयोग देने के लिए अपना प्रौद्योगिकी समर्थन देना जारी रखेगा। जापान के प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रति वर्ष करीब 100 जापानी कंपनियां कारोबार के लिए भारत आ रही हैं। अक्तूबर 2016 में 1305 जापानी कंपनियां काम कर रही थीं। भारत और जापान के तकनीशियन विनिर्माण इकाइयों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं और इस तरह से भारत-जापान आर्थिक संबंधों को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में योगदान कर रहे हैं।

जापान से आया मेरा दोस्त : जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे व भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।

उन्होंने कहा कि जापान की प्रौद्योगिकी और भारत का समृद्ध मानव संसाधन साथ मिलकर विनिर्माण क्षेत्रों में क्षमताओं का पूरा सदुपयोग कर रहे हैं और यह क्षमता आसियान, अफ्रीका और शेष दुनिया में फैल रही है। शिंजो अबे ने कहा कि भारत लम्बे समय से जापान के लोगों से परिचित है। योग, सिनेमा, खानपान के साथ ही भारतीय संस्कृति जापान में काफी लोकप्रिय है। जापान विभिन्न क्षेत्रों में भारत के योगदान को सम्मान देता है जो सभ्यता एवं मानवता के इतिहास से जुडा है. दोनों देशों के लोगों में गहरा, भावनात्मक अपनापन है और इसलिए दोनों देशों के संबंध गहरे आपसी विश्वास पर आधारित हैं।

जापान से आया मेरा दोस्त : जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे का स्वागत करते बौद्ध् भिझुक।

उन्होंने कहा , दिसंबर 2015 में मैंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ गंगा नदी के तट पर स्थित वाराणसी की यात्रा की थी, मुझे वहां अद्भुत और सुन्दर अनुष्ठान देखने को मिला, गंगा नदी के प्रवाह की तरह ही जापान और भारत के संबंध इतिहास के साथ निर्बाध रुप से आगे बढ़ रहे हैं। अबे ने कहा, मुझे विश्वास है कि मेरी भारत यात्रा से हमारे द्विपक्षीय संबंध अपनी पूरी क्षमता के साथ विकसित होंगे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे 13 और 14 सितंबर, 2017 को भारत की राजकीय यात्रा शुरु कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अबे 14 सितंबर को गांधीनगर, गुजरात में महात्मा मंदिर में 12वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे। दोनों नेता मीडिया के समक्ष अपना वक्तव्य भी देंगे। भारत-जापान व्यावसायिक शिष्टमंडल इसी दिन भारत पहुंचेगा।

जापान से आया मेरा दोस्त : जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे का स्वागत करते बौद्ध् भिझुक।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री शिंजो अबे के बीच यह चौथी वार्षिक शिखर वार्ता होगी। दोनों नेता विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के फ्रेम वर्क के अंतर्गत भारत और जापान के बीच बहुउद्देशीय सहयोग की दिशा में हाल में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और भावी दिशाएं तय करेंगे।

दोनों नेता अहमदाबाद और मुंबई के बीच चलने वाली भारत की तेज गति रेल परियोजना के भारत में निर्माण के शुभांरभ के लिए 14 सितंबर को आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में भाग लेंगे। इस रेल के दो शहरों के बीच चलने से यात्रा में लगने वाले समय में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है, उच्च गति रेल नेटवर्क के क्षेत्र में जापान एक अग्रणी देश है और इसकी शिंककेनसेन बुलेट रेल दुनिया की सबसे तेज चलने वाली रेलगाड़ियों में से एक है।

अहमदाबाद शहर के लोग 13 सितंबर को प्रधानमंत्री शिंजो अबे का एक भव्य समारोह में नागरिक अभिनंदन करेंगे, जिसमें अनेक कार्यक्रमों की श्रृंखला के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी। दोनों प्रधानमंत्री साबरमती नदी के किनारे महात्मा गांधी द्वारा स्थापित साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे।

देश से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

उसके पश्चात वे अहमदाबाद में 16वीं शताब्दी की प्रसिद्ध मस्जिद सिडी सईद नी जाली का दौरा करेंगे। दोनों नेता महात्मा मंदिर में महात्मा गांधी को समर्पित दांडी कुटीर संग्रहालय का भी दौरा करेंगे।

                  

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.