दो अध्यापकों के तबादले से नाराज हुए बच्चे, स्कूल में लगाया ताला
Rashmi Vaidya 4 Sep 2019 11:51 AM GMT
बैतूल (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश के एक जिले में अध्यापक के तबादले के बाद स्कूली बच्चे नाराज हो गए। उन्होंने इसका विरोध करते हुए स्कूल के मुख्य गेट पर ताला बंद कर दिया। इसके बाद पूरे गांव में बच्चों ने अपने हाथों में 'गांव वालों हमारी मदद करो' के प्ले कार्ड लेकर रैली निकाली। इस रैली के दौरान बच्चों के अभिभावक भी उनके साथ थे।
मामला भैसदेही विकासखंड के मालेगांव के हाई स्कूल का है। यहां वर्षों से गणित और विज्ञान विषय का अध्यापन करवा रहे दो शिक्षकों का हाल ही में तबादला हो गया। इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने पालकों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने प्रभारी प्राचार्य को कलेक्टर के नाम लिखा हुआ ज्ञापन सौंपा।
इसे भी पढ़ें- राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित टीचर, सरकारी स्कूल के बच्चों को दे रहे हाईटेक ज्ञान
स्थानीय निवासी माधुरी देशमुख ने आरोप लगाते हुए बताया कि इन तबादलों के पीछे गांव के कुछ लोगों का हाथ है, इन्हें साजिश के तहत हटाया गया है। वे अपनी पुरानी शत्रुता के चलते टीचरों के तबादले करवा कर निकाल रहे हैं। हाई स्कूल मालेगांव में विगत 17 वर्षों से विज्ञान एवं गणित के शिक्षक क्रमशः यशवंत देशमुख तथा सहदेव लोखण्डे पदस्थ थे। इन्हीं शिक्षकों की वजह से कई बच्चों को गणित और विज्ञान संकाय में प्रवेश दिलाया था। इन शिक्षकों के पढ़ाने की पद्धति से जहां छात्र-छात्राएं भी प्रभावित थे। वहीं इनके विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी अच्छे थे।
इस मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी वीके सिंह का कहना है कि शिक्षकों के तबादले एक प्रक्रिया के तहत किये गए है। उनके स्थान पर दूसरे शिक्षकों की पदस्थापना किया जाएगा। बच्चों को इसके बारें में समझाया दिया जाएगा। इस तबादले से किसी लेना देना नहीं है।
इसे भी पढ़ें- अनोखी टीचर: खेल-खेल में बच्चो को देती हैं शिक्षा
स्कूल के प्राचार्य प्रभारी सुखदेव धोटे ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही हमारे स्कूल से 2 शिक्षकों का तबादला हुआ है। बच्चे इस बात से काफी नाराज हैं, बच्चों को मनाया जा रहा है। अगर 2 शिक्षक गए हैं तो उनके स्थान पर जल्द ही कोई न कोई नया शिक्षक नियुक्त कर दिया जाएगा। किसी भी तरीके से बच्चों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होना चाहिए।
More Stories