किसान आंदोलन : मध्यप्रदेश बंद, छह की मौत, गुस्साए लोगों ने कलेक्टर को खदेड़ा, फाड़े कपड़े
Karan Pal Singh 7 Jun 2017 2:01 PM GMT

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में आंदोलनकारी किसानों पर पुलिस फायरिंग में 6 किसानों की मौत के बाद राज्य की सियासत गरमाने लगी है। कांग्रेस ने जहां इसे लेकर राज्य की बीजेपी सरकार को घेरते हुए राज्य भर में बंद का आह्वान किया है, वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इसे कांग्रेस की सुनियोजित साजिश करार दिया है।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। मंदसौर में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर स्वतंत्र सिंह के साथ धक्कामुक्की की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें और उनके साथ मौजूद अन्य अधिकारियों को वहां से खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारी कलेक्टर और एसपी के इतनी देर से पहुंचने को लेकर नाराज थे। वहीं कलेक्टर स्वतंत्र सिंह ने बताया कि वहां गोलियां चलाने की इजाजत नहीं थी। मैंन उन्हें (किसानों को) कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज पीड़ित परिवारों से मिलने मंदसौर जाने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने उनके हेलीकॉप्टर को लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद अब कांग्रेस नेता उनकी यात्रा के लिए किसी दूसरी व्यवस्था पर विचार कर रहे हैं। वहीं राहुल की इस यात्रा से पहले उनकी करीबी मानी जाने वाली मिनाक्षी नटराजन को पुलिस को हिरासत में ले लिया है।
मुअवजे की राशि बढ़ाकर एक करोड़ की गई
इस बीच सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंदसौर हिंसा में मारे गए छह किसानों के परिजनों के लिए एक-एक करोड़ रुपये मुआवजे और गंभीर रूप से घायलों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। इसके अलावा मृतक किसानों के परिवार में से एक सदस्य को नौकरी भी दिए जाने की घोषणा की है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे की राशि 10 लाख रखी थी, हालांकि राज्य में बढ़ते विवाद और किसानों के गुस्से को देखते हुए उन्होंने इसे बढ़ाने का ऐलान किया।
शिवराज ने कांग्रेस पर हिंसा भड़काने का लगाया आरोप
सीएम शिवराज ने विरोध-प्रदर्शन का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिंसा भड़काने का सुनियोजित प्रयास किया, जिसकी बलि कुछ साथी चढ़ गए। मंदसौर की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शिवराज ने किसानों से धैर्य रखने की अपील की और कहा कि वे किसी के बहकावे में ना आएं।
पीड़ितों से मिलने जा सकते हैं राहुल गाँधी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इन मृतकों के परिवार और दूसरे प्रदर्शनकारी किसानों से मिलने मंदसौर जाने की तैयारी में हैं। अगले एक-दो दिनों में हालात नियंत्रण में आने पर राहुल मंदसौर जाकर पीड़ित किसानों से मिलेंगे और यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपीजी टीम को वहां रवाना कर दिया गया।
बीजेपी पर राहुल ने लगाया किसानों के साथ युद्ध करने का आरोप
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने इससे पहले बीजेपी सरकार पर देश के किसानों के साथ 'युद्ध' करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'यह सरकार हमारे देश के किसानों के साथ युद्ध कर रही है।' अगले ट्वीट में राहुल ने सवाल पूछते हुए कहा, 'बीजेपी के न्यू इंडिया में हक मांगने पर हमारे अन्नदाताओं को गोली मिलती है?'
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 'काला' दिन दिया करार
वहीं कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे काला दिन करार देते हुए कहा कि सत्ता के नशे में चूर सरकार किसानों के अधिकार की लड़ाई को कुचलना चाहती है। सिंधिया ने इसे प्रदेश के लिए काला दिन बताते हुए ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश के इतिहास में आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ। हमारे अन्नदाताओं पर गोली चलाना दुखदायी और दिल को दहलाने वाला है। प्रदेश के लिए ये एक काला दिन है।'
किसान मजदूर संघ ने बंद का किया आह्वान
कांग्रेस से जुड़े राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ ने मंदसौर में हुई किसानों की मौत के विरोध में बुधवार को राज्य भर में बंद का आह्वान किया है। इस बीच पड़ोसी रतलाम जिले के पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने इस घटना के बाद फरार बताए जा रहे किसान नेता और कांग्रेस से जुड़े डीपी धाकड़, राजेश भार्गव और भगवती पाटीदार की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है।
देश-दुनिया से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप
ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।
राहुल गांधी Mandsaur मध्य प्रदेश Rahul Gandhi मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यूपी कांग्रेस compensation to farmers मंदसौर farmers protest हिंदी समाचार Chief Minister Shivraj Singh Chauhan समाचार किसान आन्दोलन madhya pradesh farmers mandsaur farmers protest मंदौसर हिंसा Mandsaur firing Farmer death किसानों की मौत मध्य प्रदेश बंद
More Stories