उत्‍तर प्रदेश: सोनभद्र में भूमि विवाद को लेकर फायरिंग, 9 लोगों की मौत

Bheem kumarBheem kumar   17 July 2019 11:32 AM GMT

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo

सोनभद्र। उत्‍तर प्रदेश के सोनभद्र में जमीनी विवाद में हुए खूनी संघर्ष में नौ लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में तीन महिला और छह पुरुष शामिल हैं। यह घटना सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मूर्तिया ग्राम पंचायत के उभ्भा गांव की है।

जानकारी के मुताबिक, जमीनी विवाद की वजह से झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और बाद में आपसी संघर्ष शुरू हो गया। इसमें दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग भी हुई और धारदार हथियार भी चले।

बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान ने 2 साल पहले 90 बीघे जमीन खरीदी थी। बुधवार को ग्राम प्रधान अपने समर्थकों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचा था। ग्रामीणों ने जमीन के कब्जे का विरोध जताया जिसके बाद प्रधान पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में 9 ग्रामीणों की मौत हो गई।

घटना की जानकारी के बाद आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संघर्ष में घायल हुए 18 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया है। जबकि गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

इस मामले पर उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि, ''अपराधियों के आगे नतमस्तक भाजपा सरकार में एक और नरसंहार! सोनभद्र में भू-माफियाओं द्वारा ज़मीन विवाद के अंदर 9 लोगों की हत्या दहशत एवं दमन का प्रतीक! सभी मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपए मुआवज़ा दे दोषियों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई करे सरकार।''

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.