प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नाम संदेश, अंतरिक्ष महाशक्ति बना भारत

अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत ऐसा चौथा देश बना है जिसने एलईओ (लो अर्थ आर्बिट) में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया। सिर्फ तीन मिनट में यह ऑपरेशन पूरा किया गया, जिसे 'मिशन शक्ति' का नाम दिया गया।'

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार दोपहर 12 बजे राष्ट्र के नाम एक संदेश दिया। इसमें उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की एक महत्वपूर्ण सफलता को साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'भारत ने अपना नाम अंतरिक्ष महाशक्ति में दर्ज करा लिया है। अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत ऐसा चौथा देश बना है जिसने एलईओ (लो अर्थ आर्बिट) में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया। सिर्फ तीन मिनट में यह ऑपरेशन पूरा किया गया, जिसे 'मिशन शक्ति' का नाम दिया गया।'

पीएम नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व को आश्वस्त किया कि वह इस शक्ति का प्रयोग विध्वंसक नहीं बल्कि रचनात्मक कार्यों में करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मिशन का मूल्य उद्देश्य भारत की सुरक्षा, भारत का आर्थिक विकास और भारत की तकनीकी क्षमता को बढ़ाना था। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी देशवासियों और अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को बधाई भी दी।

इससे पहले नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके यह जानकारी दी कि वह 12 बजे एक महत्वपूर्ण संबोधन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके लिखा, 'मेरे प्यारे देशवासियों, आज सवेरे लगभग 11.45 - 12.00 बजे मैं एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आप के बीच आऊँगा।' उन्होंने इस महत्वपूर्ण ऐलान को सुनने के लिए लोगों से टीवी और सोशल मीडिया से जुड़े रहने की अपील भी की।

पीएम मोदी के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई। कई लोग इसे नोटबंदी से भी जोड़कर देख रहे थे। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को भी इसी तरह देश को संबोधित किया था। उस वक्‍त मोदी ने नोटबंदी का ऐलान किया था। उस घोषणा में प्रधानमंत्री ने 500 और 1000 रुपये के नोटों पर पाबंदी का ऐलान किया था।

कई लोग इसे राहुल गांधी की उस घोषणा से जोड़ कर देख रहे थे जिसमें उन्होंने सत्ता में आने पर गरीबों को न्यूनतम आय देने की बात कही थी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था, ''अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो देश के 20 फीसदी गरीबों को हर साल 72 हजार रुपये सालाना दिए जाएगा।'' इसे कांग्रेस और राहुल गांधी का न्यूनतम आय फॉर्मूला कहा जा रहा है। कई विशेषज्ञ यह भी मान रहे हैं कि राहुल गांधी का यह ऐलान लोकसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। इसलिए भी पीएम मोदी का यह संदेश काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं कांग्रेस भी बुधवार दोपहर दो बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने ट्वीट कर जानकारी दी कि कांग्रेस मोदी सरकार की असफलताओं को गिनाने और बीजेपी के प्रोपेगैंडा को उजागर करने के लिए यह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।

    

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.