देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों का गवाह बन रहा 'विज्ञान सर्वत्र पूज्यते'

सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा एक साथ 75 स्थानों - उत्तर में लेह व श्रीनगर से लेकर दक्षिण में पोर्ट ब्लेयर व लक्षद्वीप के कवरत्ती, पश्चिम में दमन व अहमदाबाद से लेकर पूरब में ईटानगर, कोहिमा, आइजवाल में किया जा रहा है।

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों का गवाह बन रहा विज्ञान सर्वत्र पूज्यते

आज़ादी के बाद 75 वर्षों में देश के वैज्ञानिकों ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्हीं उपलब्धियों को 'विज्ञान सर्वत्र पूज्यते' कार्यक्रम के माध्यम से उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के जरिए देश के 75 शहरों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की भूमिका को रेखांकित करने वाली विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

विज्ञान संचार एवं लोकप्रियकरण के लिए समर्पित स्वायत्त संस्था 'विज्ञान प्रसार' के सहयोग से यह कार्यक्रम भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय और संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है। 22 फरवरी से शुरू हुए कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर 28 फरवरी 2022 को होगा।

कुल 75 विज्ञान प्रदर्शनियाँ, 75 विज्ञान व्याख्यान, 75 विज्ञान फिल्मों की स्क्रीनिंग, 75 रेडियो वार्ता प्रसारण, 75 विज्ञान पुस्तक मेले, 75 पोस्टर प्रस्तुति और 75 विज्ञान साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन इस महोत्सव का हिस्सा हैं। हाइब्रिड मोड में आयोजित होने वाले इन आयोजनों में 75 पुरस्कार भी शामिल हैं। इसके लिए 75 स्थानों और संबंधित भागीदार संगठनों की पहचान की गई है, जिससे यह कार्यक्रम स्थानीय भारतीय भाषाओं (अंग्रेजी और हिंदी के अलावा) में संचालित किए जा सकें। सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा एक साथ 75 स्थानों - उत्तर में लेह व श्रीनगर से लेकर दक्षिण में पोर्ट ब्लेयर व लक्षद्वीप के कवरत्ती, पश्चिम में दमन व अहमदाबाद से लेकर पूरब में ईटानगर, कोहिमा, आइजवाल में किया जा रहा है।


इस दौरान देश भर के उन अनुसंधान एवं विकास संगठनों द्वारा किए जा रहे कार्यों को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जो वर्ष 2047, जब देश स्वतंत्रता का शताब्दी वर्ष मनाएगा, तक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रयासों का नेतृत्व करने के लिए कटिबद्ध हैं। भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय और संस्कृति मंत्रालय के नेतृत्व में आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित कुल 12 विभाग एवं मंत्रालय भागीदार हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी), वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस), परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई), अंतरिक्ष विभाग (डीओएस), भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) 'विज्ञान सर्वत्र पूज्यते' महोत्सव के भागीदारों में शामिल हैं। कार्यक्रम का समन्वय डीएसटी के स्वायत्त संगठन विज्ञान प्रसार द्वारा किया जा रहा है।

इस पूरे आयोजन को चार खंडों के अंतर्गत बाँटा गया है। पहले खंड का नाम 'विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी इतिहास के 75 केंद्रबिंदु' है, जिसमें 75 वैज्ञानिकों पर 75 फिल्मों की स्क्रीनिंग और 75 स्थानों पर प्रख्यात वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकीविदों के 75 व्याख्यान शामिल होंगे। 'आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के मील के पत्थर' नामक दूसरे खंड के अंतर्गत उन प्रमुख खोजों, नवाचारों या आविष्कारों को उजागर किया जाएगा, जिन्होंने वैश्विक विज्ञान या भारत के विकास में छाप छोड़ी है। कार्यक्रम का तीसरा खंड - 'स्वदेशी पारंपरिक आविष्कार और नवाचार' है, जिसमें ऐसे 75 आविष्कारों या प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसने भारत को अपने पैरों पर खड़ा किया और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के भंडार पर आधारित आधुनिक नवाचारों सहित आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद की। चौथे खंड - 'ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया' (बदलता भारत) के अंतर्गत भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी के अगले 25 वर्षों के लिए आगे की राह पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसमें भारत और प्रवासी भारतीयों के 75 प्रख्यात वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकीविदों द्वारा वार्ता शामिल होगी।

इस कार्यक्रम में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाला एक मेगा एक्सपो (प्रदर्शनी), एक पुस्तक मेला और एक विज्ञान साहित्य उत्सव शामिल होगा, जो विज्ञान लेखकों, संचारकों, कलाकारों, कवियों, नाटककारों, नुक्कड़ नाटक कलाकारों, विज्ञान गतिविधियाँ प्रदर्शित करने वाले लोगों, पत्रकारों, छात्रों और शिक्षकों को एक साथ लेकर आएगा। साहित्य उत्सव का उद्देश्य रंगमंच, कविताओं, कठपुतली शो जैसी गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान का संचार करना है। यह देश के सभी 75 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है। युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम, निबंध, पोस्टर और कविता प्रतियोगिता सहित अन्य कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।

'विज्ञान सर्वत्र पूज्यते' कार्यक्रम कश्मीरी, डोगरी, पंजाबी, गुजराती, मराठी, कन्नड़, मलयालम, तमिल, तेलुगु, उड़िया, बंगाली, असमिया, नेपाली, मैथिली और मणिपुरी सहित विभिन्न स्थानीय भाषाओं में आयोजित किया जाएगा और इसमें 75 फिल्मों की स्क्रीनिंग शामिल होगी। डीडी नेशनल और संसद टीवी महोत्सव के हर दिन दो घंटे का विशेष कार्यक्रम और आकाशवाणी एक घंटे का कार्यक्रम प्रसारित करेगा। इसके अलावा, दिल्ली में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के साथ-साथ देश के 75 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाले विभिन्न आयोजनों की एक साथ लाइव स्ट्रीमिंग भी की जा रही है।

'विज्ञान सर्वत्र पूज्यते' के तहत MyGov.in के सहयोग से निबंध लेखन, नारा लेखन, कविता लेखन, पोस्टर और लघु फिल्म से जुड़ी प्रतियोगिता के साथ-साथ ऑनलाइन विज्ञान प्रौद्योगिकी प्रश्नोत्तरी जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में देश भर से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया है। 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मौके पर प्रदान किए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ-साथ इन प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

#DST vigyan prasar Science and Technology #story 

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.