दिल्ली की तरह यूपी को भी संवारेंगी शीला: राज बब्बर

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
दिल्ली की तरह यूपी को भी संवारेंगी शीला: राज बब्बरgaon connection

कानपुर (भाषा)। प्रदेश का विकास दिल्ली की तर्ज पर करने का दावा करते हुए कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि दिल्ली को पहले मुगलों ने बनाया और फिर अंग्रेजों ने उसे खड़ा किया, लेकिन दिल्ली को सजाने-संवारने का काम शीला दीक्षित ने किया। इसी तरह वह प्रदेश की मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश का विकास करेंगी। उन्होंने कहा, “पिछले 27 वर्षों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के शासन में प्रदेश लगातार पिछड़ता ही गया है।” 

युवा मतदाताओं को कांग्रेस की तरफ खींचने के उद्देश्य से राजबब्बर ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी की पिछली सरकारों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं ने 27 साल पहले की कांग्रेस सरकार का काम नहीं देखा होगा इस बार कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाएं और देखें कि विकास क्या होता है। कांग्रेस जाति-धर्म आधारित राजनीति नहीं करती बल्कि आम आदमी के सुख-दुख को ध्यान में रखकर काम करती है, इसीलिए हमारी पार्टी किसी जाति विशेष का ख्याल नहीं करती है बल्कि हर व्यक्ति के साथ समान व्यवहार करती है।

दिल्ली से चली कांग्रेस पार्टी की ‘27 साल युवा बदहाल' यात्रा सोमवार की रात सवा ग्यारह बजे कानपुर के घंटाघर पहुंची। निर्धारित समय से करीब चार घंटे देर से पहुंची कांग्रेस की इस यात्रा के घंटाघर पर मंच पर पहुंचते ही स्थानीय कांग्रेस नेताओं में मंच पर चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की हो गयी, जिस कारण शीला दीक्षित ने केवल एक मिनट में अपना भाषण खत्म कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी तीनों पर जोरदार हमले किए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह का नाम लिए बिना कहा कि वह कहते हैं कि हम प्रदेश में लूट रोकने में असमर्थ हैं और इसी तरह का हाल भाजपा का है। उन्होंने पूछा कि जिस उत्तर प्रदेश ने केंद्र की भाजपा सरकार को सबसे ज्यादा 73 सांसद दिए, उस उत्तर प्रदेश का भाजपा ने क्या विकास किया?

सभी पार्टियां जाति आधारित राजनीति करती हैं

कानपुर के सांसद मुरली मनोहर जोशी को निशाना बनाते हुए बिना उनका नाम लिए राज बब्बर ने कहा कि वह कभी-कभार ही कानपुर आते हैं, उन्हें कानपुर के विकास से क्या मतलब? कानपुर के सांसद को तो यह भी नहीं मालूम होगा कि वह किन-किन संसदीय समीतियों में हैं। कमोबेश यही हाल प्रदेश के अन्य भाजपा सांसदों का भी है। प्रदेश की जनता को अपने सांसदों से पूछना चाहिए कि हमने आपको इतना जबरदस्त बहुमत दिया आपने हमारे लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी पार्टियां जाति आधारित राजनीति करती हैं, लेकिन कांग्रेस हर उस आदमी, नौजवान, बेरोजगार, किसान और महिला के साथ है, जिसको उसका हक नहीं मिला है।

कांग्रेस के पास विकास का विजन 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का विजन है उसके पास सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तथा शीला दीक्षित जैसे नेता है जो उत्तर प्रदेश को अच्छी तरह से जानते हैं इसलिए शीला दीक्षित उसी तरह से उत्तर प्रदेश को संवारेंगी जिस तरह से उन्होंने दिल्ली को संवारा था। प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित की गयी शीला दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का गौरव है, लेकिन पिछले 27 सालों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में इस प्रदेश का गौरव खत्म कर दिया है और यह लगातार पिछड़ता जा रहा है। अगर यहां की जनता प्रदेश का विकास चाहती है तो उसे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार लानी होगी।  

 

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.