दूरदर्शन के महानिदेशक पद का कार्यभार संभालेंगी सुप्रिया साहू
गाँव कनेक्शन 16 Jun 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली (भाषा)। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुप्रिया साहू को दूरदर्शन का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। यह पद करीब दो वर्षो से खाली पड़ा था।1991 बैच की आईएएस अधिकारी साहू अभी तमिलनाडु कैडर के तहत काम कर रही हैं।
कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने साहू को दूरदर्शन का महानिदेशक नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इसमें कहा गया है कि उन्हें प्रतिनियुक्ति के आधार पर पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्षो की अवधि के लिए नियुक्त किया जाता है। साहू ने इससे पहले सूचना और प्रसारण मंत्रालय में निदेशक और संयुक्त सचिव के रुप में काम किया है। उनके नाम को फरवरी में प्रसार भारती बोर्ड ने मंजूरी दे दी थी। इसके बाद इसे सूचना और प्रसारण मंत्रालय को भेजा गया था। दूरदर्शन का यह शीर्ष पद जुलाई 2014 से खाली है जब तत्कालीन महानिदेशक त्रिपुरारी शरण ने अपना कार्यकाल पूरा कर लिया था।
More Stories