Loksabha Elections 2019: दूसरे चरण का चुनाव गुरुवार को, हेमा मालिनी, राज बब्बर सहित तय होगा कई दिग्गजों का भविष्य
त्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान होगा। इसमें राज्य की आठ सीटों नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर संसदीय क्षेत्र शामिल हैं।
गाँव कनेक्शन 17 April 2019 6:05 AM GMT

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल, गुरूवार को होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान होगा। इसमें राज्य की आठ सीटों नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर संसदीय क्षेत्र शामिल हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया, "दूसरे चरण के मतदान में 75.83 लाख पुरुष और 64.92 लाख महिलाओं समेत करीब एक करोड़ 40 लाख प्रदेश के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान के लिये 8751 मतदान केन्द्र और 16162 मतदान स्थल बनाए गए हैं। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पर्याप्त बल तैनात किये गये हैं।"
दूसरे चरण का चुनाव कई सियासी दिग्गजों का भाग्य तय करेगा। इनमें मथुरा से बीजेपी प्रत्याशी हेमा मालिनी, फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर, आगरा से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एस.पी. सिंह बघेल और हाथरस से पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन प्रमुख हैं।
मथुरा में मौजूदा सांसद हेमा मालिनी का मुकाबला महागठबंधन के प्रत्याशी रालोद के नरेन्द्र सिंह और कांग्रेस के महेश पाठक से है। हेमा ने वर्ष 2014 में मथुरा सीट आसानी से जीता थी, लेकिन इस बार उन्हें अपने प्रतिद्वंदियों से कड़ी टक्कर मिलने की सम्भावना है।
वहीं फतेहपुर सीकरी सीट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर मुकाबले में हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के राजकुमार चाहर और महागठबंधन के प्रत्याशी भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित से है। राज बब्बर 2009 में इसी सीट से बहुत मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे।
आगरा से प्रदेश के लघु सिंचाई मंत्री एस. पी. सिंह बघेल में मैदान में हैं। उनका मुकाबला गठबंधन के प्रत्याशी मनोज सोनी और कांग्रेस की प्रीता हरित से है। हाथरस से गठबंधन ने चार बार सांसद रह चुके पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन को उम्मीदवार बनाया है। यहां उनका मुकाबला बीजेपी के राजवीर सिंह और कांग्रेस के त्रिलोकी नाथ दिवाकर से होगा।
अलीगढ़ सीट से बीजेपी के मौजूदा सांसद सतीश गौतम एक बार फिर इसी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। अलीगढ़ मुस्लिम विश्ववद्यिालय को निशाने पर रखकर अक्सर सुर्खियां बटोरने वाले गौतम का मुकाबला गठबंधन के प्रत्याशी अजीत बालियान और कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह से है।
बुलंदशहर सीट पर बीजेपी के मौजूदा सांसद और प्रत्याशी डॉक्टर भोला सिंह का मुकाबला गठबंधन प्रत्याशी बसपा के योगेश वर्मा और कांग्रेस के बंसी पहाड़िया से है। वहीं, अमरोहा में बीजेपी के वर्तमान सांसद कंवर सिंह तंवर की टक्कर गठबंधन प्रत्याशी बसपा के दानिश अली और कांग्रेस उम्मीदवार सचिन चौधरी से है।
नगीना सीट से बीजेपी के मौजूदा सांसद डॉक्टर यशवंत सिंह एक बार फिर मैदान में हैं। उनका मुकाबला पूर्व सांसद और तीन बार विधायक रह चुकी कांग्रेस की ओमवती से है। इसके अलावा गठबंधन की तरफ से बसपा के गिरीश चंद्र भी उनके प्रमुख प्रतिद्वंदी हैं।
(भाषा से इनपुट)
More Stories