गलत नीतियों की वजह से नहीं हो सका विकास: नितिन गडकरी
गाँव कनेक्शन 9 Feb 2016 5:30 AM GMT

लखनऊ। केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को लखनऊ के माधव सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों की वजह से विकास नहीं हो सका। कांग्रेस सरकार ने अपने शासनकाल में देश में कुछ ऐसी नीतियां लागू की जिससे गरीब और गरीब हो गया। कांग्रेस की नीतियों की वजह से ही देश की आर्थिक व्यवस्था बदहाल हो गई। अपनी पार्टी की खूबियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को बेहतर बनाने का काम कर रहे हैं।
माधव सभागार में आयोजित हुए जनसंवाद कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक देश को सोशलिस्ट व कम्युनिस्ट आधार पर चलाया। इससे देश का विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि पूंजीवाद पर अधिक भरोसा किया जाए। बिगड़ी अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए उन्होंने कहा कि वह ऐसी अर्थव्यवस्था तैयार कर रहे हैं जिसके केंद्र बिंदु में गाँव, गरीब व किसान मौजूद हैं। ऐसी नीतियों के लागू होने के बाद देश की अर्थव्यवस्था हर हाल में मजबूत होगी। देश को श्रेष्ठ विकसित व सशक्त बनाने का सपना दिखाते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऐसे कई प्रोजेक्ट पर काम कर रही है जिससे देश को मजबूती मिलेगी। बद्रीनाथ, केदारनाथ में होने वाले हादसों पर रोक लगाने के लिए उन्होंने कहा कि वह 11 हजार करोड़ खर्च कर बद्रीनाथ, केदारनाथ व गंगोत्री में सड़कों का जाल बिछा रहे हैं। अच्छी सड़क बन जाने से यहां भूस्खलन जैसी घटनाओं को रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है आने वाले पांच सालों में सड़कें बनकर तैयार हो जाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी को दो प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
पांच साल में अविरल निर्मल होगी गंगा
गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनसंवाद कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने कहा कि आने वाले पांच सालों में गंगा को अविरल व निर्मल कर दिया जाएगा। गंगा नदी पर ही कई जलमार्ग भी बनाए जाएंगे। वाराणसी से कलकत्ता तक जलमार्ग बनाने के लिए मोदी जी से मुलाकात करनी है। उम्मीद है कि मार्च तक इस प्रोजेक्ट पर शुरुआत हो जाएगी।
कम दाम में किसानों को मिल सकेगी खाद
नितिन गड़करी ने कहा कि किसानों को कम दाम में खाद उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वह प्रयास कर रहे हैं कि कम दाम में ही देश में खाद का उत्पादन हो सके। इसके लिए कई देशों से बात भी चल रही है। उन्होंने कहा कि चाइना जैसे देशों में कोल से यूरिया खाद का उत्पादन होता है। भारत देश में भी चालीस ऐसी खदानें हैं जहां भरपूर मात्रा में कोल उपलब्ध है। जिसकी मदद से खाद का उत्पादन होगा।
रिपोर्टिंग - श्रीवत्स अवस्थी
More Stories