खडसे पर राज द्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिएः केजरीवाल
गाँव कनेक्शन 5 Jun 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली (भाषा)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मांग की कि महाराष्ट्र के पूर्व राजस्व मंत्री एकनाथ खडसे पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम से उनके कथित संबंध को लेकर राजद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। वह पटीदार नेता हार्दिक पटेल के खिलाफ लगाए गए राजद्रोह के आरोप को वापस लेने के समर्थन में आ गए हैं। हार्दिक जेल में हैं।
केजरीवाल ने कहा कि हार्दिक पटेल राजद्रोह के दोषी नहीं है, खडसे हैं जो जमीन सौदे में कथित अनियमितताएं समेत भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विवादों के घेरे में हैं। खडसे ने कल इस्तीफा दे दिया था।
आप प्रमुख ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात सरकार को हार्दिक पटेल के खिलाफ लगाए गए राजद्रोह के आरोप को वापस लेना चाहिए। वह राजद्रोह के दोषी नहीं हैं। खडसे हैं। खडसे पर राजद्रोह के तहत मामला दर्ज किया जाए।'' यह ट्वीट ऐसे समय में किया गया है जब आम आदमी पार्टी (आप) ने अगले साल गुजरात में विधानसभा चुनाव लड़ने की अपनी योजना की घोषणा की है। भाजपा एक दशक से अधिक समय से गुजरात में सत्ता में है।
More Stories