खोजा गया दो नक्षत्रों के चारों ओर घूमता बृहस्पति जैसा ग्रह
गाँव कनेक्शन 14 Jun 2016 5:30 AM GMT

लॉस एंजिलिस (भाषा)। वैज्ञानिकों ने नासा के कैपलर अंतरिक्ष दूरदर्शी का इस्तेमाल करके बृहस्पति जैसे एक ग्रह की खोज की है, जो दो नक्षत्रों के ईद-गिर्द घूम रहा है। यह अब तक खोजा गया ऐसा सबसे बड़ा आकाशीय पिंड है।
तारामंडल साइग्नस में स्थित ग्रह कैपलर-1647 बी की खोज नासा के गोड्डार्ड अंतरिक्ष उड़ान केंद्र और अमेरिका की सेन डिएगो स्टेट यूनिवर्सिटी के अंतरिक्ष विज्ञानियों द्वारा की गई।
शोधकर्ताओं ने कहा कि कैपलर-1647 3700 प्रकाशवर्ष दूर है और यह लगभग 4.4 अरब साल पुराना है। इसकी उम्र पृथ्वी की उम्र के लगभग समान है।
जिन नक्षत्रों के चारों ओर यह ग्रह चक्क्र लगा रहा है, वे सूर्य के समान हैं और इनमें से एक नक्षत्र हमारे ग्रह के नक्षत्र से कुछ बड़ा है और दूसरा थोड़ा छोटा है। इस ग्रह का द्रव्यमान और त्रिज्या बृहस्पति के लगभग समान है।
बृहस्पति की तरह कैपलर-1647 बी गैस का एक गोला है, जिसके कारण ग्रह पर जीवन के अनुकूल स्थितियां नहीं असंभव सी जान पड़ती हैं। फिर भी यदि ग्रह पर बड़े उपग्रह होते हैं तो वे जीवन के लिए उपयुक्त हो सकते हैं। यह अध्ययन एस्ट्रोफिजिकल जर्नल में प्रकाशित किया गया।
More Stories