कम बजट में घर सजाएं

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
कम बजट में घर सजाएंgaonconnection

अधिकांश लोगों का मानना होता है कि घर बड़ा हो या छोटा, महंगी चीजों और बड़े-बड़े सामानों से ही घर की सजावट होती है लेकिन घर को सजाने के लिए छोटी से छोटी चीज भी बड़ी मायने रखती है। प्रत्येक महिला की चाह होती है की वह अपने आसपास को और अपने घर को इस तरह सजाए की उसका आशियाना सुकून भरा बनें। इसके लिए जरूरी नहीं कि ढेरों पैसे खर्च करके ही आप अपने घर को सजाएं। घर की सजावट के लिए रचनात्मकता की जरूरत होती है, पैसों की नहीं। कम बजट में भी अपने घर को खूबसूरत कैसे बनाया जाए आइए जानते हैं-

फूलों-सा खिला-खिला घर

घर में फूलों से सजावट सबसे सस्ती, सरल व आकर्षक होती है। इसके लिए आप ताजे फूल या बाजार में आसानी से उपलब्ध आर्टिफिशयल फूलों का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। सेंटर टेबल पर कांच की कटोरी में पानी भर कर उसमें रंग-बिरंगे फूल रखें या फिर बाउल में फ्लोटिंग कैंडल जला कर भी आप कमरे की रौनक बढ़ा सकती हैं।

कृत्रिम फर्श से पाएं नया फर्श

यदि आपका फर्श खराब हो गया है या पुराने चलन के मुताबिक बना है तो चिंता की कोई बात नहीं। आप फ्लोरिंग मटीरियल द्वारा अपने फर्श को बिना तोड़-फोड़ किए ही नया जैसा बना सकती हैं। ये फ्लोरिंग मैटीरियल हर रंग व डिजाइन में बाजार में उपलब्ध है। आप चाहें तो अगले साल इसे फिर बदल सकती हैं और घर को फिर से एक नया लुक दे सकती हैं। इस फ्लोरिंग की खासियत यह है कि इसे आप ठीक उसी प्रकार से साफ कर सकती हैं, जैसे मार्बल, टाइल्स या चिप्स के फर्श को साफ किया जाता है।

कैसे करें लिविंग रूम की सजावट

यदि आपको लग रहा है कि घर में रंग-रोगन कराना आपके बजट से बाहर है तो चिंता की कोई बात नहीं। आप पूरे घर में पेंट न करवा कर अपने ड्राइंग रूम की एक दीवार को गहरे रंग में रंग कर नया लुक दे सकती हैं। इसके अलावा सोफे के ऊपर के भाग में किसी खास आकार में पहले से मौजूद रंग का तीन गुना ज्यादा गहरा शेड लगा कर दीवार पर कला का काम कर सकती हैं। आजकल पेपर वर्क, पेपर पेस्टिंग द्वारा भी दीवारों को सजाने का चलन है। इसकी लागत पेंट करवाने की तुलना में बेहद कम आती है और आपका घर भी बिल्कुल नया-सा दिखने लगता है। ये पेपर घर की साज-सज्जा के मुताबिक फ्लोरल, प्लेन हर प्रकार के डिजाइन में मार्केट में आसानी से मिल जाते हैं।

दूसरा विकल्प यह है कि सोफा बदलने की बजाय सोफे के कवर और कुशन को बदल दें। उदाहरण के तौर पर आपके सोफे के कवर का रंग क्रीम है तो कुशन आप तीन बड़े आकार के और तीन छोटे साइज के लें। छोटे वाले कुशन का रंग थोड़ा डार्क शेड का रखें। आप अपने कुशन कवर का रंग अपने दरवाजे और खिड़कियों के रंग से मैच करता हुआ भी रख सकती हैं।

कैसे करें मुख्य द्वार की सजावट

इसके लिए आप फूलों या मिट्टी के सजावट पीस का इस्तेमाल कर सकती हैं। आजकल बाजार में मिट्टी से बना बेहद आकर्षक सजावट का सामान उपलब्ध है। उदाहरण के तौर पर आप अपने घर के मुख्य द्वार पर मिट्टी की रंग-बिरंगी विंड चाइम लगा सकती हैं। विंड चाइम लगाने से घर में आने वाली सारी नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव खत्म हो जाता है। इसके अलावा आप दरवाजे के पास मिट्टी के आकर्षक बरतन में पानी भर कर उसमें पांच से सात सुंदर फूल सजा सकती हैं।इसके अतिरिक्त रंगोली का हमारी संस्कृति तथा पारपंरिक साज-सजावट में विशेष महत्व होता है इसलिए दरवाजे पर रंगोली अवश्य बनाएं। रंगोली के रंगों के लिए आप घर में आसानी से उपलब्ध हल्दी, आटा, कुमकुम और नील का इस्तेमाल कर सकती हैं। दरवाजे के साथ वाली दीवार पर गणेश की प्रतिमा अवश्य लगाएं। ऐसा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और कोई भी नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती। दरवाजे के ठीक ऊपर बंदनवार बांधना शुभ माना जाता है, साथ ही यह खूबसूरत भी दिखती है।

 

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.