कश्मीर समस्या का 2019 तक समाधान हो जाएगा: स्वामी
गाँव कनेक्शन 17 May 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली (भाषा)। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने आज दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रुख को देखते हुए कश्मीर समस्या का समाधान 2019 तक हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्था बनने के लिए अपनी समस्याओं को दूर कर राजग सरकार से बड़े आर्थिक सुधार की ओर बढ़ने की वकालत की।
उन्होंने कहा, ‘‘सरदार पटेल, जिन्होंने 600 रियासतों को एक भारत में मिला दिया, सरकार पटेल उनमें से हर एक के साथ बैठे।'' स्वामी ने कहा, ‘‘सिर्फ एक (राज्य) को वह नहीं मिला सके, हालांकि उन्होंने राजा को दस्तखत के लिए तैयार कर लिया, लेकिन जवाहरलाल नेहरु ने अपने हाथों में ले लिया, यह कश्मीर था और वह सिरदर्द आज तक है। लेकिन नरेंद्र मोदी के रुख को देखते हुए मैं आशावान हूं कि 2019 तक हम कश्मीर समस्या का हल कर लेंगे।''
स्वामी ने यह टिप्पणी इंडिया इन ग्लोबल इकोनोमी पर एक चर्चा में की। इस कार्यक्रम का आयोजन उनके राज्यसभा का सदस्य बनने पर उन्हें सम्मानित करने के लिए दिल्ली स्टडी ग्रुप ने किया था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत अभी ऐसी स्थिति में है जहां अगर उन्होंने अपनी क्षमताओं के अनुरुप काम नहीं किया तो वह पीछे रह जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही राजग सरकार अपनी समस्याओं का हल करती है जो वह वर्षों से कर रही है, बड़े आर्थिक सुधारों पर विचार करने का समय आ गया है।''
उन्होंने बाजार अर्थव्यवस्था के साथ लोकतंत्र का अनुसरण करने पर जोर दिया जिसमें सरकार के लिए नियमन न्यूनतम होगा और वह अंपायर एवं समय-समय पर एंबुलेंस के रुप में काम करेगी। स्वामी ने कहा, ‘‘और उसमें उपभोक्ताओं तथा उत्पादकों को अधिकारसंपन्न होना होगा। हमें उस माडल की दिशा में बढ़ना होगा।''
More Stories