लखनऊ में मेट्रो की शटरिंग टूटी, आठ मज़दूर ज़ख्मी
गाँव कनेक्शन 17 April 2016 5:30 AM GMT

लखनऊ (भाषा)। लखनऊ मेट्रो परियोजना के तहत खम्भों के निर्माण के दौरान रविवार तड़के शटरिंग टूटने से आठ मजदूर घायल हो गये। ज़िलाधिकारी राजशेखर ने बताया कि आलमबाग क्षेत्र में मेट्रो परियोजना के निर्माणाधीन खम्भों के बीच कॉन्क्रीट की शटरिंग बनाने के दौरान वो अचानक टूट गयी, जिसके मलबे में दबकर आठ मजदूर घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि मौके पर आठ ही श्रमिक काम कर रहे थे। उन सभी को मलबे से निकालकर फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से एक की हालत गम्भीर है। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे की वजह से यातायात काफी प्रभावित हुआ। वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया। बहरहाल, अब मलबे को साफ कर दिया गया है और यातायात सामान्य है। ज़िलाधिकारी ने बताया कि घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
Next Story
More Stories