शादी तो होगी लेकिन पता नहीं कब होगी: अनुष्का
गाँव कनेक्शन 7 Dec 2016 3:36 PM GMT

नई दिल्ली, (भाषा)। फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का कहना है कि किसी भी साधारण लड़की की तरह ही वह भी विवाह करना चाहेंगी, लेकिन उन्हें शादी के बंधन में बंधने की इतनी कोई जल्दी नहीं है।
28 वर्षीय अनुष्का का फिल्मी सफर अभी सुनहरे दौर से गुजर रहा है। उनका कहना है कि फिलहाल वह शादी करने के बारे में नहीं सोच रही हैं।
एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम सत्र में अनुष्का ने कहा, ‘‘शादी तो होगी, लेकिन मैं नहीं जानती कि यह कब होगी। अभी तक मैंने इसके बारे में सोचा भी नहीं है। मैं अपने जीवन में सभी चीजों को बहुत ही सामान्य तरीके से करती हूं और शादी भी मेरे जीवन के एजेंडे में बिल्कुल शामिल है।'' अनुष्का का कहना है, ‘‘मैं मानती हूं कि चीजें अब बदल रही हैं। अभिनेत्रियां अब शादी करने और बच्चे होने के बाद भी उसी ऊर्जा से काम करती हैं। इस इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए यह अद्भुत समय है। मैं भी एक साधारण व्यक्ति की तरह ही चीजों को जारी रखना चाहूंगी (शादी के बाद)। मेरे लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण है। मुझे बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता है जब लोग कहते हैं कि अभिनेत्रियों की शेल्फ लाइफ होती है।'' उन्होंने बताया, ‘‘ मैं एक बेहद मामूली इंसान हूं। मैं अभी भी शादी केवल एक बार करने में विश्वास रखती हूं लेकिन मैं समझती हूं कि देश में तलाक के मामले इसलिए बढ रहे क्योंकि महिलाएं आज के दौर में बदल रही हैं। उनकी सोच बदल रही हैं।'' उनका कहना है, ‘‘महिलाएं अब आर्थिक रुप से स्वतंत्र हो रही हैं और बिना जीवन साथी के भी वे अपनी जिंदगी जी सकती हैं। उनको जो पसंद होता है बस उन्हीं के साथ वह जीवन में आगे बढ़ना चाहती हैं।
More Stories