राज कपूर की 29वीं पुण्यतिथि पर बेटे ऋषि कपूर ने पिता को याद किया
Sanjay Srivastava 2 Jun 2017 1:21 PM GMT

मुंबई (भाषा)। अभिनेता ऋषि कपूर (64 वर्ष) ने आज अपने पिता और जाने-माने अभिनेता-फिल्म निर्माता राज कपूर को उनकी 29 वीं पुण्यतिथि पर याद किया। राजकपूर का 63 वर्ष की उम्र में दो जून 1988 को नई दिल्ली में अस्थमा से जुड़ी समस्याओं के कारण निधन हो गया था।
अपने पिता को याद करते हुए अभिनेता ऋषि कपूर ने ट्वीटर पर ‘मेरा नाम जोकर' फिल्म के गीत की एक पंक्ति ‘जीना यहां मरना यहां' लिखी है। ऋषि ने ‘संगम' फिल्म की एक फोटो के साथ लिखा है, ‘‘पापा, आज 29 साल हो गए, आप हमें छोड़कर चले गए। ‘पर हम तुम्हारे रहेंगे सदा।''
पृथ्वीराज कपूर के यहां पेशावर (अब पाकिस्तान) में 14 दिसंबर 1924 को जन्मे राजकपूर ने 1947 में ‘नील कमल' फिल्म से अभिनय करियर की शुरुआत की थी और ‘भारतीय सिनेमा के महान शोमैन' बन कर उभरे। उन्होंने ‘श्री 420', ‘आवारा' और ‘बरसात' जैसी फिल्मों से एक अभिनेता के रूप में पहचान बनाई।
24 साल की उम्र में राज कपूर उस समय के सबसे युवा फिल्म निर्माता बन गए थे और उन्होंने ‘आग' (1948) बनाई थी, जिसमें उनके साथ नरगिस, कामिनी कौशल और प्रेमनाथ नजर आए थे।
मनोरंजन से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप
राजकपूर, चार्ली चैपलिन के स्टाइल में अभिनय करने से मशहूर हुए, जिससे ना केवल उन्होंने भारतीय दर्शकों को अपनी तरफ आकर्षित किया बल्कि रुस में भी प्रशंसकों के बीच लोकप्रियता हासिल की। ऋषि ने हाल ही में अपनी प्रकाशित पुस्तक ‘खुल्लम खुल्ला' में पिता के साथ अपने रिश्ते पर बातें की हैं।
More Stories