साहिर नौजवान दिलों के शायर थे : जावेद अख्तर
गाँव कनेक्शन 11 Nov 2016 10:16 AM GMT

नई दिल्ली (आईएएनएस)। मशहूर शायर, गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने कहा कि दुनिया में बहुत से शायर हुए मगर साहिर लुधियानवी का आकर्षण सबसे अलग था, उनकी हर कविता में कोई बात अनोखी होती थी, जिसे आम आदमी अपनी जिंदगी से जोड़ सकता है। वह नौजवान दिलों के शायर थे। भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध गीतकार और शायर साहिर लुधियानवी की किताब 'साहिर समग्र : साहिर लुधियानवी का रचना-संसार' का लोकर्पण जावेद अ़ख्तर ने गुरुवार को ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर में किया तथा शायर नोमान शौक ने जावेद अ़ख्तर के साथ साहिर समग्र किताब पर बातचीत की।
किताब में संकलित साहिर के नज्मों और गीतों का संकलन व लिप्यांतरण आशा प्रभात ने किया है। इस अवसर पर राजकमल प्रकाशन समूह के प्रबंध निदेशक अशोक माहेश्वरी भी मौजूद थे।
यह किताब साहिर की संपूर्ण रचनाओं का समग्र है, अभी तक उपलब्ध उनकी तमाम गजलों, नज़्मों और गीतों को इसमें इकठ्ठा करने की कोशिश की गई है।
साहिर फिल्मों में आने से पहले ही, अपने समय के लोकप्रिय शायरों में शुमार हो चुके थे। ऐसी कई नज़्मे और गजलें हैं, और गीत भी, जिनमें उन्होंने समाज की आलोचना दो-टूक लहजे में की है। प्रगतिशील आंदोलन से जुड़े साहिर के गीतों में उस समय का समाज साफ झलकता है। उन्होंने अपने गीतों के जरिए भारतीय सिनेमा को ऐसा उपहार दिया है जो उसके इतिहास में मील का पत्थर है।
More Stories