ममता बनर्जी आज लेंगी मुख्यमंत्री पद की शपथ
गाँव कनेक्शन 27 May 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री के साथ 41 अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे कई दिग्गज
शपथ ग्रहण समारोह में मुकेश अंबानी, अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान हिस्सा लेंगे। नीतीश, लालू, केजरीवाल और अखिलेश यादव समेत कुल 35 हजार से ज्यादा लोग मौजूद रहेंगे। केंद्र सरकार की तरफ से केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के शामिल होने की उम्मीद है। भव्य शपथग्रहण समारोह रेड रोड पर आयोजित होगा।
ममता कैबिनेट में कई नए चेहरे
ममता मंत्रिमंडल में शामिल होने जा रहे नये चेहरों में पूर्व भारतीय क्रिक्रेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला, सोवनदेब चट्टोपाध्याय, कोलकाता के महापौर सोवन चटर्जी, अबनी मोहन जोरदर, अब्दुर रज्जाकम मुल्ला, सुवेंदु अधिकारी, रवींद्रनाथ घोष, चामूमनि महतो, जेम्स कुजुर , सिद्दिकुल्ला चौधरी, आसिमा पात्रा आदि हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि मंत्रियों के विभाग अभी तय नहीं किए गए हैं। ममता ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली, केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रीयो, बांग्लादेश के उद्योग मंत्री भूटान के प्रधानमंत्री, जम्मू कश्मीर के मख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव ने इस समारोह में उपस्थित रहने की पुष्टि कर दी है।
19 मई को आए राज्य के विधानसभा चुनाव रिजल्ट में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को बड़ी जीत हासिल हुई थी। 2011 में 34 साल बाद लेफ्ट को राज्य से उखाड़ फेंकने वाली ममता बनर्जी ने अपनी सत्ता कायम रखी। 200 से ज्यादा सीटें लाकर उन्होंने सभी विरोधियों को पीछे छोड़ दिया।
More Stories