मोदी सरकार की नीतियों से भारत बना सबसे तीव्र वृद्धि वाली अर्थव्यवस्था: जेटली

मोदी सरकार की नीतियों से भारत बना सबसे तीव्र वृद्धि वाली अर्थव्यवस्था: जेटलीgaoconnection, मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से भारत बना सबसे तीव्र वृद्धि वाली अर्थव्यवस्था: जेटली

नई दिल्ली (भाषा)। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज कहा कि उद्योग धंधों को बढ़ावा देने वाली मोदी सरकार की अनुकूल आर्थिक नीतियों से भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया है और इस साल अच्छे मानसून का पूर्वानुमान साकार होने से यह और अधिक तेज गति से वृद्धि दर्ज करेगी।

जेटली ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था की इस गति में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि विश्वभर में छायी सुस्ती के बावजूद भारत आज सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ग्रामीण क्षेत्र, रोजगार सृजन और मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखने को प्राथमिकता दे रही है।

मोदी सरकार की दो साल की उपलब्धियों के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में जेटली ने कहा, ‘‘हमारी सरकार आने से पहले 10 साल में (पूर्ववर्ती संप्रग सरकार में) जो कुछ हो रहा था, वह आपके सामने है। तब लोग नीतिगत पंगुता की बात कर रहे थे और हमारी सरकार (राजग) के सत्ता में आने के बाद वही लोग भारतीय अर्थव्यवस्था को सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बता रहे हैं।''     

जेटली ने यहां ‘इंडियन वुमन प्रेस कोर' में आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘भारत अभी 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ आगे बढ रहा है। हम तेज गति से आगे बढ रहे हैं। भारत दुनिया में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है।''

जेटली ने कहा कि पिछले दो वर्षो में वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत और 7.6 प्रतिशत रही। दुनिया के अनेक विकसित देशों में छाई सुस्ती और लगातार दो साल खराब मानसून के बावजूद भारत ने यह वृद्धि हासिल की है। मानसून कमजोर रहने से ग्रामीण क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ता है। लोगों की क्रय शक्ति प्रभावित होती है। वैश्विक सुस्ती से घरेलू कारोबार और निर्यात प्रभावित होता है।

जेटली ने कहा, ‘‘इस बार सामान्य मानसून और अच्छी बरसात का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। दो वर्ष के सूखे के बाद अच्छी बरसात होगी जिससे कृषि क्षेत्र में सुधार आयेगा। ग्रामीण आय एवं क्रयशक्ति बेहतर होगी। अभी तक के संकेत सकारात्मक हैं।

India 

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.