पंजाब में दस बजे तक 10 फीसदी मतदान हुआ 

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
पंजाब में दस बजे तक 10 फीसदी मतदान हुआ राज्य में कुल 1.98 करोड़ मतदाता 1,145 उम्मीदवारों में से विधानसभा के 117 सदस्यों का चुनाव करेंगे।

चंडीगढ़ (भाषा)। पंजाब विधानसभा चुनाव में आज सुबह दस बजे तक करीब आठ से दस फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला। राज्य में कुल 1.98 करोड़ मतदाता 1,145 उम्मीदवारों में से विधानसभा के 117 सदस्यों का चुनाव करेंगे।

ये भी पढ़ेंः विधानसभा चुनाव 2017: पंजाब की 117 और गोवा की 40 सीटों पर मतदान शुरू

निर्वाचन कार्यालय के प्रवक्ता ने यहां बताया कि मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘सुबह दस बजे तक आठ से दस फीसदी मतदान हुआ है।'' इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खामी के कारण जालंधर और अमृतसर में दो मतदान केंद्रों पर मतदान करीब 45 मिनट की देरी से शुरु हुआ।

ये भी पढ़ेंः पंजाब में 1145 उम्मीदवारों में केवल 81 महिलाएं

सुबह-सुबह वोट डालने वालों में शिअद के जनरल (सेवानिवृत) जेजे सिंह, कांग्रेस के परगट सिंह, अपना पंजाब पार्टी (एपीपी) के सुच्चा सिंह छोटेपुर और आप के भगवंत मान, गुरप्रीत सिंह घुग्गी और सुखपाल सिंह कहिआरा शामिल हैं। कांग्रेस प्रत्याशी रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कट्टरपंथियों से हाथ मिला लिया है। जनरल जेजे सिंह ने कहा कि शिअद-भाजपा हैट्रिक बनाते हुये सरकार बनाएंगे।

ये भी पढ़ेंः जालंधन की सभी 9 सीटों के लिए मतदान शुरू

पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। राज्य में सत्तारुढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन, विपक्षी दल कांग्रेस और पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने 94 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किये हैं जबकि उसकी सहयोगी भाजपा ने बाकी की 23 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। आप ने 112 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किये हैं जबकि लुधियाना के बैंस बंधुओं के नेतृत्व वाली आप की सहयोगी लोक इंसाफ पार्टी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

चुनावी मैदान में उतरने वाले अन्य दलों में बसपा, आप के पूर्व नेता सुच्चा सिंह छोटेपुर के नेतृत्व वाली अपना पंजाब पार्टी, वाम दल भाकपा और माकपा और शिअद-अमृतसर शामिल हैं। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अर्द्धसैन्य बलों की 200 से ज्यादा टुकड़ियों को तैनात किया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अमृतसर लोकसभा सीट के लिए भी मतदान हो रहा है।

चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों में 81 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर है। राज्य में मतदान के लिए 22,615 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। चुनाव लड़ने वाले मुख्य उम्मीदवारों में पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह (पटियाला और लम्बी सीट), मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल (लम्बी) और उनके बेटे उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल (जलालाबाद) शामिल हैं।

अन्य प्रतिष्ठित उम्मीदवारों में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रजिन्दर कौर भट्ठल (लहरगागा), कांग्रेस की टिकट से भठिंडा से चुनाव लड़ रहे बादल का भतीजा मनप्रीत सिंह बादल और जलालाबाद से आप सांसद भगवंत मान भी हैं।

पंजाब जल विवाद पर शीर्ष न्यायालय के फैसले के विरोध में अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के कारण अमृतसर लोकसभा सीट खाली हो गयी थी। अमृतसर में 14 लाख से ज्यादा मतदाता हैं।

लोकसभा सीट के लिए चुनाव लडने वाले उम्मीदवारों में भाजपा नेता रजिंदर मोहन सिंह छीना प्रतिष्ठित उम्मीदवार हैं जो कांग्रेस के गुरजीत सिंह औजला और आप के उपकार सिंह संधू के खिलाफ चुनाव लड रहे हैं। मतगणना 11 मार्च को होगी।

     

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.