लोकसभा में इस बार सबसे अधिक महिला सांसद

गाँव कनेक्शन | May 24, 2019, 14:15 IST
#Woman
लखनऊ। इस बार लोकसभा चुनावों से महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। सत्रह्वीं लोकसभा के विजयी उम्मीदवारों में महिलाओं की कुल संख्या 78 है, जो कि अब तक की सबसे अधिक संख्या है। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, नई लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या 17 प्रतिशत हो जाएगी।

महिला सांसदों की सबसे कम संख्या नौवीं लोकसभा में थी। इस समय केवल 28 महिला सांसद लोकसभा में पहुंची थीं। चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा की 542 सीटों के लिए शुक्रवार को पूरे नतीजे घोषित हो गए। भाजपा की टिकट पर सर्वाधिक 40 महिला उम्मीदवारों ने चुनाव जीता है। वहीं कांग्रेस के टिकट पर सिर्फ पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने महिला उम्मीदवार के रूप में रायबरेली से जीत दर्ज की।

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को हराया। मोदी सरकार की केन्द्रीय मंत्रियों में अपनी लोकसभा सदस्यता बरकरार रखने वालों में सुल्तानपुर से मेनका गांधी और मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल ने चुनाव जीता। साथ ही भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी मथुरा से, प्रज्ञा ठाकुर भोपाल से, मीनाक्षी लेखी नई दिल्ली से, किरण खेर चंडीगढ़ से और रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद से जीतने वाली प्रमुख भाजपा सांसद हैं।

इस लोकसभा चुनाव में कुल 8049 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें 724 महिला उम्मीदवार थीं। मौजूदा लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या 64 है। इनमें से 28 मौजूदा महिला सांसद चुनाव मैदान में थी। चुनाव हारने वाली प्रमुख महिला उम्मीदवारों में कन्नौज से सपा सांसद डिंपल यादव, रामपुर से भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा शामिल हैं। आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार मुनमुन सेन, सिलचर से सांसद कांग्रेस की सुष्मिता देव, सुपौल से सांसद कांग्रेस की रंजीत रंजन भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

कांग्रेस ने सर्वाधिक, 54 और भाजपा ने 53 महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा था। अन्य राष्ट्रीय पार्टियों में, बसपा ने 24, तृणमूल कांग्रेस ने 23, माकपा ने 10, भाकपा ने चार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एक महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा था। वहीं निर्दलीय महिला उम्मीदवारों की संख्या 222 थी। चार ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों ने भी बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ा।

Tags:
  • Woman
  • General Elections 2019
  • Member of Parliament
  • Most Number of Women MPs

Follow us
Contact
  • Gomti Nagar, Lucknow, Uttar Pradesh 226010
  • neelesh@gaonconnection.com

© 2025 All Rights Reserved.