राहुल गांधी के इस्तीफे पर बोलीं प्रियंका, निर्णय का सम्मान है
लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी हार के बाद से अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर बनी असमंजस की स्थिति का स्पष्ट करते हुए गांधी ने बुधवार को इस्तीफे की औपचारिक घोषणा की थी।
गाँव कनेक्शन 4 July 2019 5:19 AM GMT

लखनऊ। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की औपचारिक घोषणा के बाद पार्टी महासचिव और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपने भाई के फैसले का सम्मान करती हैं।
प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ''आपके भीतर जो साहस है वो कुछ ही लोगों में होता है। आपके निर्णय का बहुत सम्मान है।'' इससे पहले अशोक गहलोत सहित पार्टी के कई नेताओं ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व संभालने पर विचार करेंगे।
अहमद पटेल और आनंद शर्मा सहित अन्य नेताओं ने यह भी कहा है कि इस्तीफे के बाद भी गांधी उनके नेता बने रहेंगे। दरअसल, लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी हार के बाद से अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर बनी असमंजस की स्थिति का स्पष्ट करते हुए गांधी ने बुधवार को इस्तीफे की औपचारिक घोषणा कर दी और कहा कि पार्टी के भविष्य के विकास के लिए उन्होंने यह कदम उठाया है।
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए बुधवार को लिखा था, "मेरे लिए कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनना और पार्टी की सेवा करना सम्मान की बात है, जो एक बेहतर राष्ट्र बनाने की बात करती है। मुझे इस पद पर लोगों का बहुत सम्मान और प्यार मिला। जय हिन्द!"
यह भी पढें- इस्तीफा देने के एक महीना बाद बोले राहुल गांधी- 'मैं अब अध्यक्ष नहीं'
More Stories