ताज महल विश्व के पांच प्रमुख आकर्षक पर्यटक स्थलों में शामिल
गाँव कनेक्शन 19 May 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली (भाषा)। विश्व के सबसे अद्भुत एवं आकर्षक पर्यटक स्थलों की सूची में शामिल ताज महल ने विश्व के प्रमुख पांच पर्यटक स्थलों में भी अपनी जगह बना ली है। प्रमुख पर्यटक योजना और बुकिंग साइट ‘ट्रिप एडवाइजर ट्रेवलर्स‘ द्वारा हाल ही में जारी की गई एक वैश्विक सूची में प्यार के इस प्रतीक का पांचवां स्थान है। पेरु का माचू पिचू और अबू धाबी का शेख जायेद सेंटर पर्यटकों द्वारा पसंद किए जाने वाले शीर्ष दो स्थलों में से एक है।
विजेताओं का चयन 12 महीने के भीतर स्थल की गुणवत्ता की समीक्षा और दुनिया भर में स्थल की रेटिंग के आधार पर किया गया है। ट्रिप एडवाइजर के देश प्रबंधक निखिल गंजू ने कहा, 'भारत एक समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास वाला देश है जो इसके वास्तुकला के नमूनों में झलकता है और इससे हमें विश्वस्तर पर जो पहचान मिलती है उसके हम सही हकदार भी हैं।' भारत में मुस्लिम कला की पहचान ताज महल को विश्वस्तर पर सराहना हासिल होने के चलते 1983 में यूनेस्को ने इसे विश्व विरासत स्थल का दर्जा भी दिया था।
एशिया में पर्यटकों के पसंदीदा स्थलों की सूची में जयपुर का आमेर किला आठवें नंबर पर है। भारत में पर्यटकों के पसंदीदा स्थलों की सूची में पंजाब के अमृतसर का गोल्डन टेम्पल ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
मुंबई के पश्चिमी उपनगर को दक्षिण मुंबई में वर्ली से जोड़ने वाला 'बांद्रा वर्ली सी लिंक' ने भी इस सूची में जगह बनाई है। भारतीय सूची में पांचवां सबसे आकर्षक पर्यटक स्थल दिल्ली में यमुना नदी के किनारे सौ एकड़ में बना स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर है। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकोर्ड्स द्वारा विश्व के सबसे बडे हिंदू मंदिर का दर्जा भी दिया गया है। आगरा में आगरा का किला, दिल्ली का कुतुब मीनार और गुरुद्वारा बंगला साहिब, मुंबई का श्री सिद्धिविनायक, जोधपुर का मेहरानगढ़ किला भी शीर्ष दस पर्यटक स्थलों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।
More Stories