झारखंड के 16वें स्थापना दिवस पर आज मंच पर झलकेगी राज्य की संस्कृति

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
झारखंड के 16वें स्थापना दिवस पर आज मंच पर झलकेगी राज्य की संस्कृतिझारखंड के विकास गाथा का आज होगा मंचन। (साभार: गूगल इमेज)

गाँव कनेक्शन संवाददाता

रांची। झारखंड के 16वें स्थापना दिवस समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान में आकर्षक विद्युत सज्जा की गयी है। विभिन्न जगहों पर एलइडी स्क्रीन लगाई गई हैं। मंगलवार को मोरहाबादी मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन किया जायेगा। इसका उद्घाटन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू व सड़क, परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत समेत सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक मौजूद रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम दिन के 12 बजे से शुरू होकर रात तक चलेगा।

सुर छेड़ेंगे लोक गायक और गायिका

इसमें 600 नवनियुक्त कनीय अभियंताओं के बीच नियुक्त पत्र का वितरण किया जाएगा। 5000 पोषण सखियों को चयन पत्र का वितरण, 375 रोजगार सेवकों व 2000 स्वयं सहायता समूह को मेट किट एवं चयन पत्र दिया जाएगा। साथ ही, 5000 वनाधिकार पट्टा व 35 लाख टिकाऊ मच्छरदानी का वितरण होगा। वहीं, शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें प्रसिद्ध पार्श्वगायिका सुनिधि चौहान समां बांधेगी। वहीं, गोवा के 28 कलाकारों के दल द्वारा नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगा। समारोह में लोक गायिका मृणालिनी अखौरी एवं मुकुंद नायक भी मौजूद रहेंगे।

एयरपोर्ट से लेकर मोरहाबादी मैदान तक लगे पोस्टर-बैनर

स्थापना दिवस को लेकर भाजपा की ओर से पार्टी नेताओं का पोस्टर, बैनर व पार्टी के झंडे लगाये गये हैं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से मोरहाबादी मैदान तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री रघुवर दास समेत पार्टी के अन्य नेताओं के पोस्टर लगाये गये हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में विद्युत सज्जा की गयी है।

मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ की समीक्षा

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को अपने आवासीय कार्यालय में स्थापना दिवस को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की। साथ ही तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, मंत्री नवीन जायसवाल, प्रदीप वर्मा मौजूद थे।

विशेष विमान से आयेंगे गडकरी, होगा स्वागत

केंद्रीय सड़क, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 15 नवंबर को दिन के 10।30 बजे विशेष विमान से रांची पहुंचेंगे। दिन के 11 बजे बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जायेगा। इस दौरान मोटरसाइकिल जुलूस भी निकाला जायेगा। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने बताया कि गडकरी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद शाम तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

    

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.