भाजपा नवंबर में शुरू करेगी यूपी में चुनाव प्रचार अभियान
Ashish Deep 13 Oct 2016 5:09 PM GMT

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दशहरे पर लखनऊ आगमन को भाजपा मिशन 2017 का आगाज मान रही है। पार्टी ने रणनीति बनाई है कि वह नवंबर में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रचार शुरू करेगी। हालांकि पार्टी ने अब तक मुख्यमंत्री पद को उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
पार्टी सूत्रों ने संकेत दिया कि हाल की सर्जिकल स्ट्राइक से रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को यूपी में काफी प्रशंसा मिली है। पर्रिकर यूपी से ही राज्यसभा के सदस्य भी हैं। कार्यकर्ता उन्हें काफी पसंद भी करते हैं। उनसे प्रेरणा भी लेते हैं। इसीलिए पार्टी आलाकमान ने कुछ रैलियों, रोड शो में अपना स्टार प्रचारक बनाने की रणनीति बनाई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ आ रहे हैं और वह पार्टी की चार यात्राओं की रूपरेखा तैयार करेंगे। इसकी अगवानी शाह करेंगे। इसमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र भी रहेंगे।
सूत्रों ने बताया कि सभी चार यात्राएं लखनऊ में खत्म होंगी। यात्राएं सहारनपुर, ललितपुर, सोनभद्र और बलिया से शुरू होंगी और इनका समापन लखनऊ में आकर होगा। पहली यात्रा पांच नवंबर से शुरू होगी। बाकी यात्राएं बाद के दिनों में शुरू होंगी। यात्राएं 25 दिसंबर को लखनऊ में आकर खत्म होंगी। उसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी का जन्मदिन है।
सूत्रों ने बताया कि बलिया को यात्रा के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि यह पार्टी के निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह की कर्मस्थली है। दयाशंकर सिंह ने बीते दिनों बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ तीखी टिप्पणी कर सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि पार्टी ने दयाशंकर सिंह को तत्काल निष्कासित कर दिया था। लेकिन बाद में भाजपा ने में उनकी पत्नी स्वाति सिंह को महिला मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके जरिए पार्टी महिला मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करना चाहती है।
More Stories