गायत्री प्रजापति सपा की नीतियों के चमत्कार से बने मंत्री : मुलायम
गाँव कनेक्शन 14 Oct 2016 4:14 PM GMT

लखनऊ (भाषा)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने अवैध खनन के आरोपों में बर्खास्त किए जाने के कुछ दिन बाद फिर से सरकार में शामिल किए गए काबीना मंत्री गायत्री प्रजापति को ‘निर्विवाद नेता' करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि सपा की नीतियों का ‘चमत्कार' है कि प्रजापति जैसे मामूली परिवार के लोग भी मंत्री बन गए।
यादव ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा ‘‘सपा ने संघर्ष करके गरीबों, महिलाओं और पिछड़ों को सम्मान दिलाया। सपा की नीतियों का ही चमत्कार है कि मामूली परिवार के लोग भी मंत्री बन गए।''
उन्होंने इस मौके पर मौजूद परिवहन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की तरफ इशारा करते हुए कहा ‘‘प्रजापति जैसे लोग मंत्री बन गए। वह निर्विवाद नेता हैं, पार्टी के लिए समर्पित हैं और उसके लिए काम कर रहे हैं।''
यादव ने बताया कि आगामी पांच नवम्बर को सपा की रजत जयन्ती के अवसर पर लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में एक बड़ा समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके संयोजक भी प्रजापति ही होंगे।
मालूम हो कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा प्रदेश में व्यापक पैमाने पर अवैध खनन की शिकायत पर प्रकरण की जांच सीबीआई से कराए जाने के आदेश देने के बाद मुख्यमंत्री ने गत 12 सितम्बर को तत्कालीन खनन मंत्री प्रजापति को बर्खास्त कर दिया था। हालांकि सपा मुखिया के कहने पर कुछ ही दिन बाद उन्हें मंत्रिमण्डल में दोबारा शामिल करके परिवहन विभाग का मंत्री बना दिया गया था।
सपा मुखिया ने पार्टी की रजत जयन्ती समारोह में प्रदेश के सभी विधायकों, मंत्रियों तथा कार्यकर्ताओं को भाग लेने के निर्देश दिए।
लोकसभा में भले ही सपा की सदस्य संख्या कम हो, लेकिन देश में सबसे महत्वपूर्ण विचारधारा सपा की ही है, जो सभी को साथ लेकर चलने की पैरवी करती है।मुलायम सिंह यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी पार्टी
More Stories