यूपी में विधानसभा चुनाव न लड़ने पर आप कार्यकर्ता मायूस
गाँव कनेक्शन 21 Oct 2016 8:22 PM GMT

बसंत कुमार
लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के फैसले से आप कार्यकताओं में निराशा का माहौल है। पार्टी के सप्रू मार्ग कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। लेकिन निराश कार्यकर्ता पार्टी के निर्णय को स्वीकार कर प्रदेश में संगठन को और मजबूत बनाने की बात कर रहे हैं। आप के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस करके चुनाव में नहीं शामिल होने के बारे में बताया था। उनका कहना था कि फिलहाल पार्टी ने पंजाब और गोवा में ही चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
संगठन कमजोर होने के कारण नहीं लड़े चुनाव
आप के लखनऊ जिला संयोजक गौरव महेश्वरी बताते हैं कि प्रदेश में पार्टी का संगठन अभी बहुत ज्यादा मजबूत नहीं हुआ है। जिसके कारण पार्टी ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। आप चुनाव जीतने के लिए मैदान में उतरती है, न की बस चुनाव लड़ने के लिए। हम प्रदेश में अपना संगठन मजबूत कर रहे हैं और विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद होने वाले नगर निगम चुनाव में पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।
पार्टी के निर्देशों का पालन करेंगे
आप के लखनऊ सचिव एसपी बागी बताते हैं कि आप ने प्रदेश को पांच भागों में विभाजित कर संगठन को मजबूत करने का निर्णय लिया है। पश्चिमांचल, बुंदेलखंड, रूहेलखंड, अवध क्षेत्र और पूर्वांचल। पार्टी का संगठन सिर्फ अवध क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 22 जनपदों में ही मजबूत है। अब जब पार्टी को लग रहा है कि पंजाब और गोवा में हम बेहतर स्थिति में है तो वहीं पर ज्यादा ध्यान दिया जाए। पार्टी के सभी बड़े नेता पंजाब और गोवा में प्रचार करेंगे। इसीलिए पार्टी ने यूपी में चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय किया है और हम लोग पार्टी के निर्देश का पालन करेंगे और संगठन को और मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे।
नगर निगम चुनाव की तैयारी कर रहे
गुरूवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान संजय सिंह ने कहा था कि अब प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी और भाजपा की नफरत से भरी राजनीति से परेशान है। बसपा सरकार में कानून-व्यवस्था सपा सरकार से बेहतर थी। जिसके बाद कयास लगाया गया कि आप के लोग चुनाव में बसपा को सपोर्ट करेंगे। लेकिन इस मामले में गौरव महेश्वरी बताते हैं कि पार्टी द्वारा इस सम्बन्ध में अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। हम अभी संगठन को मजबूत करके नगर निगम चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।
More Stories