कांग्रेस की हार से आहत राजबब्बर ने इस्तीफे की पेशकश की
गाँव कनेक्शन 15 March 2017 5:28 PM GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन में कांग्रेस की करारी हार के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। चुनाव में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी लेते हुए राजब्बर ने कहा कि उन्हें इतनी बुरी हार की आशंका नहीं थी। कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में मात्र सात सीटों पर ही सफलता मिली है, जबकि कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस हार से आहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में पार्टी को फिर से नए सिरे से मजबूत करने की ज़रूरत है। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व ने अभी तक राजबब्बर के इस्तीफे पर विचार नहीं किया है।
27 साल से प्रदेश की सत्ता से दूर कांग्रेस ने इस बार समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर सत्ता में वापसी का सपना देखा था लेकिन बीजेपी गठबंधन ने 325 सीटें जीतकर कांग्रेस का सपना तोड़ दिया है। कांग्रेस की स्थिति यह है कि उसे अपना दल जैसे क्षेत्रीय दल से भी कम सीटें मिली हैं। इस चुनाव में बीजेपी की सहयोगी पार्टी अपना दल को सात सीटें मिली हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को 28 सीटें मिली थी लेकिन इस बार पार्टी अपनी आधी सीटें भी नहीं बचा पाई।
उत्तर प्रदेश में हार की कारणों की तलाश करने के लिए इसी महीने कांग्रेस की एक समीक्षा बैठक भी होगी जिसमें उत्तर प्रदेश कांग्रस के प्रभारी गुलाम नबी आजाद, प्रदेश अध्यक्ष राजब्बर समेत सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
More Stories