बुआ, बबुआ ने उत्तरप्रदेश को बर्बाद किया, जुगाड़ से सत्ता में वापसी चाहते हैं अखिलेश: भाजपा
गाँव कनेक्शन 22 Jan 2017 5:36 PM GMT

नई दिल्ली (भाषा)। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती पर तीखा प्रहार करते हुए भाजपा ने कहा कि बबुआ अखिलेश यादव और बुआ मायावती'' दोनों ने 15 वर्षो में उत्तरप्रदेश को बर्बाद कर दिया, साथ ही सपा और कांग्रेस के गठबंधन को अपराध और भ्रष्टाचार का कॉकटेल करार देते हुए आरोप लगाया कि पराजय तय देख एक पूर्ण बहुमत के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जुगाड़ से सत्ता में वापसी की कवायद में लगे हैं।
BJP ने दावा किया कि इस बार उत्तरप्रदेश में विकासवाद के नाम पर चुनाव होगा और जनता अब प्रयोग नहीं बल्कि परिवर्तन चाहती है और भाजपा के पक्ष में जनादेश का मन बना लिया है।
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि बबुआ अखिलेश यादव और बुआ मायावती दोनों ने उत्तरप्रदेश को बर्बाद कर दिया। दोनों की सरकारों के दौरान कानून व्यवस्था नाम की चीज नजर नहीं आई। समाजवादी पार्टी की सरकार राज्य में जमीन और खनन माफिया पर लगाम लगाने में नाकाम रही है।
नकवी ने कहा कि ‘बुआ और बबुआ', ‘चाचा और भतीजा' का खेल बहुत हो गया। जनता इनसे उब चुकी है और राज्य की सत्ता में परिवर्तन चाहती है, गठबंधन नहीं। उत्तर प्रदेश की जनता ने इस बार भाजपा को जनादेश देने का मन बना लिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि इस बार का चुनाव किसी जाति, सम्प्रदाय या परिवारवाद के आधार पर नहीं बल्कि केवल ‘विकासवाद' के नाम पर होगा। क्योंकि 15 वर्षो से उत्तरप्रदेश को सबसे अधिक सुशासन और विकास की जरुरत है।
उत्तरप्रदेश में अखिलेश यादव नीत सपा सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा, ‘‘एक तरफ अखिलेश यादव विकास का ढोल पीटते हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस जैसे दलों से गठबंधन का जुगाड कर सत्ता में वापसी करना चाहती है। लेकिन जनता अब प्रयोग नहीं परिवर्तन चाहती है।''
सपा और कांग्रेस के गठबंधन की खबरों पर शर्मा ने कहा, ‘‘यह ‘अपराध और भ्रष्टाचार' का कॉकटेल है। अखिलेश यादव और सपा को जमीनी हकीकत का पता चल गया है और पराजय साफ दिख रही है. इसलिए पूर्ण बहुमत के मुख्यमंत्री जुगाड से सत्ता में वापसी की कवायद में लगे हैं।''
More Stories