भाजपा ने सपा-कांग्रेस महागठबंधन की काट निकाली

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
भाजपा ने सपा-कांग्रेस महागठबंधन की काट निकालीपीएम मोदी की लखनऊ रैली में उमड़ा सैलाब। फोटों महेंद्र पांडेय।

नई दिल्ली (भाषा)। सामाजिक एवं जातिगत समीकरणों को साधकर उत्तर प्रदेश में सत्ता के 14 वर्षों के बनवास को खत्म करने में जुटी भाजपा के समक्ष बिहार की तर्ज पर प्रदेश में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस आदि का ‘महागठबंधन' गंभीर चुनौती पेश कर सकता है, ऐसे में इस चुनौती की काट के लिए पार्टी ‘सोशल इंजीनियरिंग' के आजमाये फार्मूले को आगे बढ़ा रही है।

मायावती की तरह ही भाजपा भी इस बार उत्तरप्रदेश में सोशल इंजीनियरिंग पर ध्यान केंद्रित कर रही है। भाजपा की पहली सूची में इसकी झलक साफ नजर आती है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश चुनावों के मद्देनजर सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए 64 सवर्ण (जिसमें 33 क्षत्रिय और 11 ब्राह्मण), 44 ओबीसी और 26 दलित उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।

चुनाव अभियान से जुड़े भाजपा के एक नेता ने बताया कि पार्टी अपने वोटबैंक के आधार सवर्ण के अलावा इस बार ओबीसी और दलित वोटबैंक में सेंध लगाने की पूरी कोशिश कर रही है। टिकट भी उन्हें ही दिया जा रहा है जिनके जीतने की प्रबल संभावना हो।

कांग्रेस का सपा के साथ आना बड़ी बाधा

समाजवादी पार्टी में मचे घमासान के शांत होने के बाद अखिलेश यादव के हाथों में पार्टी की बागडोर आने और कांग्रेस के साथ महागठबंधन को आगे बढ़ाने की पहल भाजपा के लिए चुनौती पेश कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सपा और कांग्रेस का यह कदम भाजपा को सत्ता से आने से रोकने के लिए हताशा में उठाया गया है। मायावती के कुशासन के बाद लोगों ने समाजवादी पार्टी को जनादेश दिया था लेकिन अखिलेश सरकार ने लोगों को धोखा दिया है और बहुमत की सपा सरकार ‘जुगाड़' के आधार पर कांग्रेस और रालोद के साथ गठबंधन करने में लग गयी है।

19 फीसदी मुस्लिम वोट निर्णायक

प्रदेश में मुस्लिम वोट 19 फीसदी है जो काफी निर्णायक होता है। पिछले चुनाव में सपा के प्रचंड बहुमत में मुस्लिम वोट का हाथ था तो 2007 में मायावती को मिले बहुमत में दलित के साथ ब्राह्मण वोट का मेल महत्वपूर्ण था।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पिछले दिनों सपा में छिड़े घमासान से मुस्लिम मतदाता थोडा संशय में था. सपा के लिए गठबंधन इसलिए भी जरुरी हो गया था क्योंकि उसे आशंका थी कि कमजोर सपा के साथ मुस्लिम मतदाता नहीं खड़ा होना चाहता है। सपा और कांग्रेस के महागठबंधन के बाद भाजपा को उम्मीद है कि बसपा और महागठबंधन के बीच मुस्लिम मतों के विभाजन का उसे लाभ मिलेगा।

भाजपा नेता बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी में द्वन्द्व ने यह साबित कर दिया है कि अखिलेश यादव प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था का राज कायम रख पाने में कामयाब नहीं हुए हैं। राज्य में हुए कई दंगे इस बात का जीता जागता उदाहरण हैं।

   

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.