कानून व्यवस्था चुस्त कर खत्म किया जाएगा गुण्डाराजः जयदेवी
गाँव कनेक्शन 20 March 2017 8:58 PM GMT

मलिहाबाद/लखनऊ। चुनाव परिणाम आने के बाद विधायक अपने-अपने क्षेत्र के लिए काम करने में जुट गए हैं। महिलाबाद की नवनिर्वाचित विधायिका जयदेवी कौशल के नेतृत्व में भाजपाइयों ने सोमवार को नगर पंचायत क्षेत्र में रैली निकाल उनकी क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने वादा किया। रैली में मुस्लिम महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
लखनऊ मुख्यालय से पश्चिम दिशा की ओर स्थित 27 किलोमीटर दूर माल रोड स्थित भाजपा कार्यालय से विधायिका जयदेवी कौशल का काफिला नई सड़क चौराहा, डाकघर चौराहा, गल्ला मण्डी, मिर्जागंज, मुंशीगंज, बशारत तरफदार होते हुए शीतलन टोला पहुंचा। यहां से वह शीतला देवी मन्दिर पहुंचीं। यहां विधायिका ने दुर्गां मां की प्रतिमा पर माथा टेका। यहां पर आयोजित सभा में उमड़ी भीड़ को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र से गुंडा व माफियाराज खत्म किया जाएगा। कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त होगी। जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। सरकारी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन हो। पात्रों को बिना किसी भेदभाव के लाभ दिया जाएगा। लापरवाह कर्मचारी व अधिकारी दण्डित होंगे। महिलाओं व किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में वह प्राथमिकता से कार्य करेंगी। सबका साथ, सबका विकास यह उनकी नीति है।
More Stories