अपना वोट डालने के बाद अखिलेश यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को 300 से अधिक सीटें मिलेंगी
Sanjay Srivastava 19 Feb 2017 11:28 AM GMT

लखनऊ /सैफई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के तीसरे चरण में 12 जिलों की 69 विधानसभा सीटों के लिए रविवार को वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को 300 से अधिक सीटें मिलेंगी।
सैफई में मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उप्र की खुशहाली और तरक्की के लिए मतदान किया है। उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बने, इसके लिए सभी लोग दिल खोलकर मतदान कर रहे हैं। पहले चरण से लेकर अभी तक साइकिल लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, "पहले, दूसरे और तीसरे चरण के बाद उप्र की लगभग आधी सीटों पर मतदान हो चुका होगा। सभी चरणों में सपा अन्य दलों से आगे है।"
अखिलेश ने पार्टी में भितरघात पर कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। लोग साइकिल को जिताने के लिए लाइन में लगे हुए हैं।
मायावती को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका चेहरा बता रहा है कि वह हार मान चुकी हैं। उन्होंने कहा, "नेताजी ने साइकिल के लिए ही वोट मांगा है।"
अपने चाचा शिवपाल यादव को लेकर पूछे गए कई सवालों को हालांकि वह टाल गए। उन्होंने केवल इतना ही कहा कि साइकिल जीत की दिशा में आगे बढ़ रही है और वह 11 मार्च को नतीजे आने का इंतजार कर रहे हैं।
More Stories