योगी को सीएम बनाने के लिए झारखंड में युवा वाहिनी का प्रदर्शन, तो केशव के लिए कुशवाहा समाज ने किया हवन
गाँव कनेक्शन 17 March 2017 5:59 PM GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर भले ही अटकलें चल रही हैं लेकिन राजधनी लखनऊ से दूर झारखंड की राजधानी रांची में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री अपने राज्य के नेता को बनाए जाने के लिए पूजन-हवन से लेकर प्रदर्शन तक हो रहा है।
हिन्दू युवा वाहिनी की झारखंड ईकाई के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर महंत योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर हिन्दू युवा वाहिनी के रांची प्रभारी मानू सिंह के नेतृत्व में योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाने की मांग करने वाले झंडा पोस्टर और बैनर के साथ प्रदर्शन हुआ जिसमें ‘यूपी का सीएम कैस होगा योगी आदित्यनाथ जैसा होगा’ के नारे लगाते हुए सैकड़ों कार्यकर्ता दिनभर प्रदर्शन करते रहे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यूपी में बीजेपी की जीत में योगी का सबसे ज्यादा योगदान है। ऐसे में उनको मुख्यमंत्री बनाकर राज्य की जनता की भावनाओं का आदर किया जाए।
वहीं दूसरी तरफ कुशवाहा समाज झारखंड ने उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की कामना के लिए रांची के प्रसिद्ध तपोवन मंदिर निवारणपुर में हवन व पूजन का आयोजन हुआ। इस बारे में जानकारी देते हुए झारखंड कुशवाहा समाज के नेता संजय कुशवाहा ने बताया, ‘भाजपा प्रदेश अध्यक्ष युवा दिलों की धड़कन केशव प्रसाद मौर्य को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने को लेकर हवन और पूजन चल रहा है।’
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने बीजेपी को जो बड़ी जीत का तोहफा दिया है उसमें पिछड़े समाज के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष की मेहनत का भी फल है। ऐसे में उनको उनकी मेहनत का फल मिलना चाहिए।
इसके साथ ही झारखंड ब्रह्मर्षि समाज ने मनोज सिन्हा को उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने को लेकर रांची के पहाड़ी मंदिर में पूजा अर्चना की। ब्रह्मर्षि समाज भूमिहार जाति के लोगों का संगठन है। मनोज सिन्हा इसी जाति से आते हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए ब्रह्मर्षि समाज के रणधीर सिंह ने बताया कि मनोज सिन्हा जैसे काबिल नेता को उत्तर प्रदेश में कमान मिलनी चाहिए। वह योग्य नेता हैं और उन्होंने जबर्दस्त मेहनत की है।
More Stories