SP में शामिल हुए एसपी सिंह ने BJP पर लगाया टिकट बेचने का आरोप
गाँव कनेक्शन 8 Feb 2017 9:29 AM GMT

लखनऊ (आईएएनएस/आईपीएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव ने बड़े-बड़े राजनीतिक दलों की कलई खोल दी है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट बेचने का आरोप लगा है।
पूर्व विधान परिषद सदस्य एसपी सिंह ने मंगलवार को भाजपा पर कुछ ऐसे ही आरोप लगाते हुए पत्नी कांति सिंह पटेल सहित अपने कुनबे के साथ समाजवादी पार्टी (SP) में शामिल हो गए। कांति सिंह पटेल भी विधान परिषद सदस्य हैं। खास बात यह है कि टिकट न मिलने से नाराज सिंह ने साक्षी महाराज के प्रतिनिधि पर टिकट के लिए पैसा मांगने का आरोप लगाया है। सिंह ने कहा, ''BSP में तो एक ही दरवाजा था, लेकिन BJP में कई दरवाजे हैं, जहां हर व्यक्ति पैसा मांगता है।''
SP के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता की उपस्थिति में सपा में शामिल हुए एसपी सिंह ने कहा, ''गुजरात से आए व्यक्ति BJP में पैसा लेकर टिकट बेच रहे हैं। BJP ने दलबदलुओं को टिकट दिया है। खनन माफिया और बड़े व्यापारी कुलदीप सेंगर ने टिकट के लिए करीब दो करोड़ रुपये दिए हैं।''
इस दौरान सिंह ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और SP की जमकर तारीफ की और कहा, ''पूरी दुनिया की नजर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर लगी है। अखिलेश का विकास अच्छा लगता है। SP पहले कैसी भी रही हो, लेकिन अब मुख्यमंत्री अखिलेश के नेतृत्व में स्वच्छ पार्टी हो गई है।''
उन्होंने बताया, ''डेढ़ साल पहले संघ के लोगों ने उन्हें BJP में शामिल कराया था। BJP को स्वच्छ पार्टी समझकर उसमें शामिल हुआ था।'' सिंह के साथ SP के पूर्व राष्ट्रीय सचिव धर्मवीर सिंह, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा और नन्हू वर्मा भी SP में शामिल हुए।
More Stories