विदेश मंत्रालय ने रद्द किया विजय माल्या का पासपोर्ट
गाँव कनेक्शन 24 April 2016 5:30 AM GMT

नई दिल्ली (भाषा)। भारत सरकार ने शराब कारोबारी विजय माल्या का पासपोर्ट रद्द कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने कर्ज़ ना चुकाने के मामले में फंसे कारोबारी विजय माल्या का पासपोर्ट रद्द कर दिया है। माल्या पर भारतीय बैंकों के 9,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के गबन का आरोप है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर माल्या का पासपोर्ट रद्द होने की जानकारी दी। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने ईडी की सिफ़ारिश पर 15 अप्रैल को चार सप्ताह के लिए माल्या का पासपोर्ट निलंबित कर दिया था।
विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, 'विजय माल्या से मिले जवाबों को देखते हुए और प्रवर्तन निदेशालय और हाल ही में उनके ख़िलाफ़ जारी गैर जमानती वारंट्स को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने उनका पासपोर्ट रद्द करने का फैसला किया है।'
विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी थी कि अगर माल्या एक सप्ताह के भीतर नोटिस का जवाब नहीं देंगे तो उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया जाएगा। ईडी की तरफ से तीन बार नोटिस देने के बावजूद माल्या हाज़िर नहीं हुए। वो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहे हैं।
More Stories