युवाओं और गाँवों के लोगों के विकास पर ध्यान

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
युवाओं और गाँवों के लोगों के विकास पर ध्यानगाँव कनेक्शन

आगरा। ‘‘राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के सारे प्रयास कर रही है। क्योंकि इससे बड़े पैमाने पर नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा।

मुख्यमंत्री ने यह विचार आज आगरा स्थित स्थानीय ताज खेमा में आयोजित मुगल म्यूजियम, ताज ओरिएण्टेशन सेण्टर, आगरा स्ट्रीट कैफे तथा आगरा हेरिटेज सेण्टर के शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर व्यक्त किए।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश की वर्तमान समाजवादी सरकार ने राज्य के विकास के लिए जितना काम किया है। उतना किसी अन्य सरकार ने नहीं किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आगरा शहर में आयोजित किया जा रहा पहला उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस अत्यन्त उत्साहवर्धक रहा है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में प्रवासियों ने अपनी आमद दर्ज कराई है। इतनी बड़ी संख्या में प्रवासियों का इसमें भाग लेना दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश के प्रति उनके मन में अगाध प्रेम है और वे इस प्रदेश से स्वतः जुड़कर इसके विकास में भागीदार बनना चाहते हैं।’’ 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह आयोजन आज से सैकड़ों वर्ष पहले ब्रिटिश हुकूमत द्वारा भारत से गिरमिटिया मजदूरों के रूप में विदेश ले जाए गए उन भारतीयों, जिनमें बहुत से उत्तर प्रदेश से भी थे, को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक वर्ष ‘उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस’ का आयोजन किया जाएगा।’’ यादव ने कहा, ‘‘आगरा के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ पर्यटन को मिलेगा। यहां की अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है ताकि पर्यटकों को कोई असुविधा न हो।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्थित अन्य पर्यटक स्थलों का भी विकास कर रही है। पर्यटकों को आकर्षित करने की दृष्टि से पर्यटन स्थलों के आस-पास के क्षेत्रों का विकास एवं सुन्दरीकरण का भी कार्य कराया जा रहा है।

युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के प्रयास

‘‘राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए सारे प्रयास कर रही है। सभी सरकारी विभागों में भर्तियां की जा रही हैं। पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती हो रही है। कन्या विद्या धन वितरित किया जा रहा है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, विद्यार्थियों, अल्पसंख्यकों, गरीबों, महिलाओं तथा गाँवों के लोगों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

बिजली व्यवस्था में सुधार

उन्होंने कहा कि राज्य की बिजली व्यवस्था ठीक करने के लिए नए बिजलीघर स्थापित किए जा रहे हैं। यह भी प्रयास किया जा रहा है कि शहरों में 22 से 24 घण्टे विद्दुत आपूर्ति की जा सके, जबकि गाँवों को 16 से 18 घण्टे बिजली मुहैया कराई जा सके।

मुख्यमंत्री ने आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया उनकी अलग-अलग लागत है- मुगल म्यूजियम 141.89 करोड़ रुपए, ताज ओरिएण्टेशन सेण्टर 231.85 करोड़ रुपए, आगरा स्ट्रीट कैफे 35 करोड़ रुपए तथा आगरा हेरिटेज सेण्टर 30 करोड़ रुपए।

 

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.