उत्तर प्रदेश को तिलहन और बिहार को मक्का व गेहूं के रिकॉर्ड उत्पादन के लिए मिला कृषि कर्मण पुरस्कार

Divendra SinghDivendra Singh   2 Jan 2020 9:50 AM GMT

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
उत्तर प्रदेश को तिलहन और बिहार को मक्का व गेहूं के रिकॉर्ड उत्पादन के लिए मिला कृषि कर्मण पुरस्कार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को तिलहन और खाद्यान्न उत्पादन के लिए तो बिहार को मोटे अनाज में मक्का और गेहूं उत्पादन के लिए कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कर्नाटक के तुमकुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मान दिया। यह पुरस्कार गेहूं, चावल, दालें और मोटे अनाज की पैदावार में अग्रणी रहने वाले राज्यों को भी दिया जाता है।

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया, "उत्तर प्रदेश ने तिलहन उत्पादन श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके लिये भारत सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश को 2.00 करोड़ रुपए का कृषि कर्मण पुरस्कार दिया गया। साथ ही कुल खाद्यान्न उत्पादन में लगभग 30 लाख टन की वृद्धि हासिल करने पर एक करोड़ रुपए का कृषि कर्मण (सांत्वना) पुरस्कार भी मिला है।"

पिछले वर्ष भी उत्तर प्रदेश को तिलहन उत्पादन के लिए ये पुरस्कार मिला था।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मेरा आग्रह है कि कृषि कर्मण अवार्ड में देश की पोषण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक अनाज- न्यूट्री सीरियल्स, बागवानी और जैविक कृषि को लेकर भी नई कैटेगरी बनाई जाए। इससे, इन क्षेत्रों में बेहतर काम कर रहे लोगों और राज्यों को प्रोत्साहन मिलेगा।"

बिहार को कृषि क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ उत्पादन के लिए एक साथ दो-दो कृषि कर्मण पुरस्कार दिए गए। वर्ष 2016-17 के लिए मोटे अनाज की श्रेणी में मक्का और 2017-18 के लिए गेहूं श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कृषि कर्मण पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

उन्होंने आगे कहा, "साउथ इंडिया में नारियल, काजू, कॉफी और रबर की खेती भी बरसों से फल-फूल रही है। देश और दुनिया में नारियल की डिमांड को देखते हुए सरकार अन्य बातों के साथ इसका भी ध्यान रख रही है कि नारियल से जुड़े किसानों को उचित दाम मिले। इसके लिए नारियल किसानों से जुड़े संघ बनाए गए हैं, सोसायटी बनाई जा रही हैं। मुझे बताया गया है कि यहां कर्नाटका में ही नारियल किसानों से जुड़ी ऐसी करीब साढ़े 5 सौ संस्थाएं बनाई जा चुकी हैं।"

बिहार राज्य में साल 2016-17 में मक्का का कुल उत्पादन 38.46 लाख मीट्रिक टन और उत्पादकता 53.35 कुंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई थी, जो एक रिकॉर्ड है। वर्ष 2016-17 में राज्य में मक्का का उत्पादकता राष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक हुआ था।

जबकि साल 2017-18 में राज्य में गेहूं का कुल उत्पादन 61.04 लाख मीट्रिक टन और उत्पादकता 29.05 कुंतल प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई थी। बिहार को पांचवी बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। बिहार को सबसे पहले 2011-12 में चावल में सर्वाधिक उत्पादन के लिए कृषि कर्मण पुरस्कार से नवाजा गया था।

    

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.