कोल्हापुर के एक गाँव में मिले दुर्लभ बेसाल्ट स्तंभ

स्तंभाकार संरचना युक्त यह बेसाल्ट प्रवाह 6.56 करोड़ वर्ष पुराने पन्हाला गठन का हिस्सा है, जो दक्कन ट्रैप की सबसे कम उम्र की संरचनाओं में से एक माना जाता है।

Divendra SinghDivendra Singh   14 Sep 2018 9:17 AM GMT

  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
  • Whatsapp
  • Telegram
  • Linkedin
  • koo
कोल्हापुर के एक गाँव में मिले दुर्लभ बेसाल्ट स्तंभ

दक्कन ट्रैप विश्वभर में अपने ज्वालामुखी विशेषताओं के लिए जाना जाता है, इसी क्षेत्र में वैज्ञानिकों ने पूर्ण रूप से विकसित एक दुर्लभ बेसाल्ट स्तंभ संरचना का पता लगाया है।

बेसाल्ट से बने बहुभुजीय स्तंभों का यह समूह महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के बांदीवाड़े गाँव में मिला है। स्तंभाकार संरचना युक्त यह बेसाल्ट प्रवाह 6.56 करोड़ वर्ष पुराने पन्हाला गठन का हिस्सा है, जो दक्कन ट्रैप की सबसे कम उम्र की संरचनाओं में से एक माना जाता है। यह खोज सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय, डॉ. डी.वाई. पाटिल विद्यापीठ, पुणे और कोल्हापुर स्थित डी.वाई. पाटिल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ऐंड टेक्नोलॉजी और गोपाल कृष्ण गोखले कॉलेज के शोधकर्ताओं के एक दल ने मिलकर की है।

शीर्ष पर पंचभुजीय ब्लॉक का निरीक्षण करते हुए प्रोफेसर एन. पवार और प्रोफेसर विश्वास एस. काले

ये भी पढ़ें : भारत में पहली बार दिखा फॉल आर्मीवार्म कीट, दो साल पहले अफ्रीका में मचायी थी तबाही

यहां पाए गए बेसाल्ट स्तंभ विघटन के विभिन्न चरणों में मौजूद हैं। पूर्व-पश्चिम की ओर उन्मुख ये स्तंभ कम ऊंचाई क्षेत्र (समुद्र तल से लगभग 850 मीटर ऊपर) से ऊपर उठे हुए हैं, जो लैटराइट से ढंके दो पठारों को जोड़ते हैं। इन पंचभुजीय स्तंभों का व्यास करीब एक मीटर तक है। इस क्षेत्र में 1-10 मीटर की ऊंचाइयों के अलग-अलग स्थायी स्तंभ भी देखे गए हैं।

इस अध्ययन से जुड़े प्रमुख शोधकर्ता डॉ. के.डी. शिर्के ने बताया, "नयी खोजी गई यह साइट अद्वितीय और उल्लेखनीय है। इन बहुभुजीय स्तंभों का निर्माण मौसम और स्तंभाकार विशाल बेसाल्ट के क्षरण के कारण हुआ है। इस साइट में भू-विरासत क्षेत्र के रूप में चिह्नित किए जाने के गुण मौजूद हैं और इसे राष्ट्रीय भूवैज्ञानिक स्मारक के रूप में घोषित किया जाना चाहिए।"

ये भी पढ़ें : जनजातियों में भी बढ़ रही हैं कैंसर और ब्लड प्रेशर जैसी कई बीमारियां

दक्कन ट्रैप प्रायद्वीपीय भारत का लावा से निर्मित सबसे व्यापक क्षेत्र है जो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में लगभग पांच लाख वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है। दक्कन ट्रैप के निर्माण का आरंभ करीब 6.62 करोड़ वर्ष पूर्व माना जाता है। भूवैज्ञानिकों के अनुसार, करीब 30 हजार वर्षों से अधिक समय तक इस क्षेत्र में ज्वालामुखीय विस्फोटों की श्रृंखला हुई है। दक्कन ट्रैप में विशेष रूप से क्षैतिज लावा प्रवाह के निशान, समतल चोटी वाली पहाड़ियां और चरणबद्ध छतों का विकास देखा जा सकता है।

शोधकर्ताओं के अनुसार, बांदीवाड़े में पाए गए ये स्तंभ पूर्ण विकसित होने के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों, जैसे- उत्तरी आयरलैंड के जायंट्स कॉज़वे और कर्नाटक के सेंट मैरी द्वीप के मुकाबले मजबूत भी हैं।

पन्हाला साइट भूवैज्ञानिक अध्ययनों की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र में बेसाल्ट प्रवाह से जुड़ी विशेषताओं, भिन्न मौसम और क्षरण के लिए जिम्मेदार भूगर्भीय कारकों को समझने के लिए अधिक अध्ययन किये जाने की आवश्यकता है। इस अध्ययन से जुड़े शोधकर्ताओं में डॉ शिर्के के अलावा जे.डी. पाटिल, के. बंदिवेदकर, एन. पवार और विश्वास एस. काले शामिल थे। यह अध्ययन शोध पत्रिका करंट साइंस में प्रकाशित किया गया है। (इंडिया साइंस वायर)

ये भी पढ़ें : रिसर्च : वातावरण में बढ़ती कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा फसलों में बढ़ा सकती है कीटों का प्रकोप

    

Next Story

More Stories


© 2019 All rights reserved.